Sirsa News: सिरसा में स्टार्ट करते ही बाइक बनी आग का गोला, बाल-बाल बचे पिता-पुत्र

सिरसा में बाल-बाल बचे पिता-पुत्र, स्टार्ट करते ही 2017 मॉडल बाइक में लगी भीषण आग

 
Sirsa News: हरियाणा के सिरसा जिले में सर्कुलर रोड पर सोमवार को एक अचानक हुए हादसे में पिता-पुत्र की जान बाल-बाल बच गई। विलियम गिल (40 वर्ष) नामक व्यक्ति अपने बेटे के साथ एक दुकान से कूलर खरीदने आए थे। खरीदारी पूरी करने के बाद जैसे ही उन्होंने घर लौटने के लिए अपनी बाइक को स्टार्ट किया, इंजन के पास से अचानक लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते बाइक ने भीषण आग पकड़ ली। स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने तुरंत पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि फायर ब्रिगेड को बुलाना पड़ा।

विलियम गिल ने बताया कि उनकी बाइक 2017-18 मॉडल की थी और ऐसा हादसा उनके 40 साल के जीवन में पहली बार हुआ है। वे सर्कुलर रोड स्थित रवि की दुकान से कूलर लेकर बाहर निकले थे। उनके बेटे ने बाइक मोड़ी और विलियम के बैठते ही, जैसे ही बाइक स्टार्ट की गई, तुरंत आग लग गई। दुकानदार रवि और अन्य पड़ोसियों ने कैंपर का पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी की आग पर काबू न पा सके। विलियम की बाइक का कोई इंश्योरेंस भी नहीं था, जिससे वाहन का पूरा नुकसान हो गया है।

सूचना मिलते ही फायर ऑफिसर नरेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ पूरा बाजार क्रॉस करते हुए महज दो मिनट में घटना स्थल पर पहुंच गए और तुरंत आग पर काबू पा लिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें किसी स्थानीय व्यक्ति द्वारा कॉल पर सूचना मिली थी। प्राथमिक जांच और पूछताछ में आग लगने का मुख्य कारण तारों में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि यदि पीड़ित की ओर से थाना शहर सिरसा (City Police Station Sirsa) में लिखित शिकायत दी जाती है, तो आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

विलियम गिल ने इस भयानक घटना के बाद कहा कि वे सिर्फ इसी बात के लिए भगवान का शुक्रगुजार हैं कि उनके और उनके बेटे की जान बच गई, इसलिए वे प्रशासन से किसी भी तरह की कोई मांग या अपील नहीं कर रहे हैं। दुकानदार रवि ने भी राहत की सांस लेते हुए कहा कि शुक्र है आग दुकान के बाहर ही लग गई; अगर पिता-पुत्र रास्ते में चलते हुए इस हादसे का शिकार होते, तो जान का बड़ा खतरा हो सकता था।