Sirsa News: सड़क दुर्घटना में 55 वर्षीय कॉमरेड बलवंत सिंह का निधन, लाल झंडे के साथ दी अंतिम विदाई
 

 

सिरसा/रानियां (Chopta Plus): भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की संतनगर शाखा के सचिव और जिला कमेटी सदस्य, 55 वर्षीय कॉमरेड बलवंत सिंह का एक सड़क हादसे में निधन हो गया है। उनके अचानक निधन से सिरसा और हरियाणा भाकपा को गहरी क्षति पहुंची है। भाकपा के वरिष्ठ नेता कॉमरेड स्वर्ण सिंह विर्क द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मृतक नेता का अंतिम संस्कार संतनगर के श्मशान घाट में पार्टी साथियों और इलाके के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में किया गया।

आंदोलनों की अग्रिम पंक्ति का चेहरा थे बलवंत सिंह

कॉमरेड स्वर्ण सिंह विर्क ने बताया कि इलाके में पार्टी की स्थापना के समय से ही बलवंत सिंह का परिवार इससे जुड़ा हुआ था। बालिग होते ही वे पार्टी में शामिल हो गए थे। तब से लेकर अब तक, अपने गांव से लेकर दिल्ली तक चलाए गए तमाम आंदोलनों में उन्होंने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पिछले कई वर्षों से वे किसान सभा में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। वे एक ईमानदार, मृदुभाषी और हमेशा मुसीबतजदा लोगों के काम आने वाले व्यक्तित्व के धनी थे। वे अपने पीछे पत्नी, पुत्र और वृद्ध माता का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

सिरसा के इस गांव में अवैध बीटी कपास बीज का बड़ा भंडाफोड़, मौके से कई पैकेट जब्त

लाल झंडे के साथ गूंजे नारे, इन दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि

अंतिम यात्रा से पूर्व कॉमरेड स्वर्ण सिंह विर्क ने उनके पार्थिव शरीर पर सम्मान स्वरूप पार्टी का लाल झंडा डाला, जिसके बाद गगनभेदी नारों के बीच शव यात्रा रवाना हुई। उनकी अंत्येष्टि में भाकपा के जिला सचिव लक्ष्मण सिंह शेखावत, किसान सभा के राज्य महासचिव डॉ. सुखदेव सिंह जम्मू, बलराज सिंह बनी, प्रितपाल सिद्धू, हरदेव जोश, पाला सिंह चीमा, प्रिंसिपल बूटा सिंह, कश्मीर सिंह मुक्ता, बलदेव सिंह बराड़, जोगिंदर सिंह दमदमा, डॉ. सुखदेव सिंह हुंदल, जसबीर सिंह नाकोड़ा और रतन सिंह रंधावा सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। इसके अलावा विद्यार्थी नेता अरमान गिल, बीबी भाग कौर, युवा नेता सर्वजीत सिंह सिद्धू, मोहन सिंह रानियां, कुलवंत सिंह रानियां, कामरेड धर्म सिंह, सतपाल सिंह, मिलख राज धनुर व पूर्व सरपंच गुरजीत सिंह ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

20 मार्च को यहाँ होगी अंतिम अरदास

दिवंगत साथी कॉमरेड बलवंत सिंह की आत्मिक शांति के लिए अंतिम अरदास 20 मार्च 2026 को संतनगर के गुरुद्वारा श्री प्रताप मन्दिर में दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक आयोजित की जाएगी।