चौपटा क्षेत्र के गांव नाहरांवाली में 30 एकड़ नरमा की फसल खराब, किसानों ने की पुलिस व कृषि विभाग से जांच की मांग

 

नाथूसरी चौपटा। गांव दड़बा कलां के किसानों ने नाहरांवाली गांव में करीब 30 एकड़ नरमा की फसल अचानक खराब होने का मामला सामने आया है। किसानो ने इसकी शिकायत थाना नाथूसरी चौपटा में दी है। किसानों के अनुसार फसल पहले पूरी तरह स्वस्थ थी, लेकिन अचानक खराब होने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

किसान नरदीप, जगतपाल सिंह, विद्यासागर, बलवीर सिंह, आशिन, महेंद्र, महावीर, विनोद और देवीलाल ने पुलिस को शिकायत देने के साथ कृषि विभाग के अधिकारियों को भी मामले की सूचना दी है। किसानों ने फसल खराब होने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है।

किसानों का कहना है कि अचानक फसल खराब होने से उनकी मेहनत और लागत पर पानी फिर गया है। उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करवाकर उचित कार्रवाई करने तथा प्रभावित किसानों को नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजा दिलाने की मांग की है। सरपंच प्रतिनिधि नंदलाल बेनीवाल ने बताया कि किसानों के हितों को देखते हुए सिरसा उपायुक्त से मुलाकात की जाएगी। 

नाथूसरी चौपटा: खेतों में सक्रिय हुआ केबल चोर गिरोह, गुसाईआना में 4 सोलर पैनल केबल की चोरी

इस दौरान प्रभावित किसानों की फसल खराब होने के मामले से प्रशासन को अवगत करवाते हुए विशेष मुआवजा देने की मांग रखी जाएगी, ताकि किसानों को आर्थिक राहत मिल सके। इस मामले पर नंदलाल बेनीवाल, रमेश डूडी, रामकुंवर पुनिया, जगतपाल बेनीवाल, साधु राम, महेंद्र हक्कम, संजय, अमित, विनोद और चंद्र बेनीवाल सहित कई ग्रामीण ने भी जांच की मांग की है।