सिरसा में स्विफ्ट कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर, पति-पत्नी समेत 7 साल का बच्चा घायल

 

Chopta Plus, Sirsa News, 07 November| हरियाणा के सिरसा जिले में शुक्रवार, 6 नवंबर की शाम डबवाली-बठिंडा मार्ग पर गांव अलीकां के पास स्विफ्ट कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार पति-पत्नी और उनका 7 साल का बेटा घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के गांव खिलानिया निवासी सोनिया, उनके पति मांगेराम और बेटे के रूप में हुई है।

एम्स बठिंडा में ड्यूटी पर जा रही थीं सोनिया

जानकारी के मुताबिक, सोनिया एम्स बठिंडा में नौकरी करती हैं। शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे वह अपने पति मांगेराम और 7 साल के बेटे के साथ राजस्थान नंबर की स्विफ्ट कार में सवार होकर बठिंडा जा रही थीं।

परिवार डबवाली होते हुए अपनी मंजिल की तरफ बढ़ रहा था। जैसे ही उनकी कार गांव अलीकां के पास पहुंची तो सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी सीधी टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार तीनों लोग घायल हो गए।

राहगीरों ने कार में फंसे परिवार को बाहर निकाला

टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और सड़क से गुजर रहे लोग मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे पति-पत्नी और बच्चे को बाहर निकाला।

इसके बाद एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को उपमंडल नागरिक अस्पताल डबवाली पहुंचाया गया, जहां उन्हें भर्ती कराया गया।

ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक का नहीं लगा सुराग

हादसे की सूचना मिलने पर डबवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों की पहचान की और उनके परिजनों को घटना की जानकारी दी। खबर लिखे जाने तक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक का पता नहीं चल पाया था। पुलिस मामले की जांच कर रही थी।