सिरसा: नहराणा के पास पेड़ से टकराई डायल 112 की गाड़ी, 3 पुलिसकर्मी घायल, जाने कैसे हुआ हादसा
सिरसा। नाथूसरी चोपटा थाना क्षेत्र के गांव नहराणा के पास डायल 112 की गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में गाड़ी में सवार तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों को नाथूसरी चोपटा में प्राथमिक उपचार के बाद सिरसा रेफर कर दिया गया। गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।
कब और कहां हुआ हादसा?
यह घटना रविवार रात करीब 11:30 बजे की है। नाथूसरी चोपटा से डायल 112 की गाड़ी नहराणा गांव की तरफ गश्त पर जा रही थी। इसी दौरान चोपटा-भट्टू रोड पर गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और पेड़ से जा टकराई।
हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गाड़ी रोड के साइड में नीचे खेतों की ओर खाई में उतर गई और फिर पेड़ से टकराई। गाड़ी के अगले दोनों एयरबैग निकल आए और टायर तक फट गए। कंडक्टर साइड की खिड़की टूट गई और पीछे का हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त है।
कौन-कौन हुए घायल?
हादसे में घायल होने वालों में चालक विजय कुमार, एएसआई विजय कुमार और एसपीओ सुनील कुमार शामिल हैं। तीनों ही पुलिसकर्मी गश्त पर थे। चालक विजय कुमार को नागरिक अस्पताल सिरसा में भर्ती कराया गया, जबकि एएसआई विजय कुमार और एसपीओ सुनील कुमार को सिरसा के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गाड़ी को मौके से हटाने की कार्रवाई भी की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आखिर गाड़ी अनियंत्रित क्यों हो गई। फिलहाल तीनों घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।