सिरसा में डॉक्टर की ब्लैक क्रेटा का पुलिस ने काटा 22 हजार का चालान, वजह हैरान करने वाली

 

हरियाणा/सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले में ट्रैफिक पुलिस ने एक निजी अस्पताल के डॉक्टर की कार को जब्त कर लिया। यह कार बिना नंबर प्लेट के चल रही थी, उस पर काली फिल्म लगी हुई थी और उसमें रंग-बिरंगी (रेड-ब्लू) लाइटें लगी हुई थीं। पुलिस ने डॉक्टर पर कुल 22 हजार रुपये का चालान किया है।

दरअसल, पुलिस को सूचना मिली कि एक काली क्रेटा गाड़ी शहर में बिना नंबर प्लेट के घूम रही है। सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सब इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह ने बताया कि वह ट्रैफिक थाना एसएचओ के साथ बस स्टैंड पर ड्यूटी पर थे, तभी उनके पास फोन आया कि परशुराम चौक के पास बिना नंबर की काली क्रेटा खड़ी है। इसके बाद एसएचओ समेत पूरी टीम मौके पर पहुंची और गाड़ी को बरामद किया।

पुलिस ने गाड़ी चालक से पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान निजी अस्पताल के डॉ. पवन के रूप में बताई। मौके पर डॉक्टर के पास गाड़ी से जुड़े कोई कागजात नहीं थे। पुलिस ने कुछ देर इंतजार किया, लेकिन जब डॉक्टर ने कोई दस्तावेज नहीं दिखाए तो गाड़ी को ट्रैफिक थाने ले जाया गया।  थाने पहुंचने के बाद भी जब डॉक्टर ने कागजात पेश नहीं किए तो पुलिस ने गाड़ी को इंपाउंड (जब्त) कर लिया。

पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ कई धाराओं में चालान किया है। इनमें बिना नंबर प्लेट, काली फिल्म लगाना, रेड-ब्लू लाइट लगाना और बिना आरसी (पंजीकरण प्रमाण पत्र) और लाइसेंस के गाड़ी चलाना शामिल है। इसके अलावा गाड़ी के सामने के शीशे पर 'ब्लैक लिस्टड' का निशान लगा था, जिसके लिए अलग से 500 से 1000 रुपये का चालान किया गया।  सब मिलाकर डॉक्टर पर कुल 22 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। 

पुलिस और डॉक्टर के बीच काफी देर तक बातचीत भी चली। खबरों के मुताबिक, डॉक्टर ने फोन पर सिफारिश करवाने की भी कोशिश की, लेकिन पुलिस ने अपना काम किया और चालान काट दिया। ट्रैफिक पुलिस ने डॉक्टर को नसीहत भी दी कि एक डिग्रीधारी डॉक्टर को ऐसा नहीं करना चाहिए। इस पर डॉक्टर ने कहा कि गलती हो गई, वह इसे हटवा देंगे।

सब इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह ने कहा कि एसपी (पुलिस अधीक्षक) के भी इस तरह के मामलों को लेकर सख्त निर्देश हैं। पुलिस का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल डॉक्टर की गाड़ी पुलिस थाने में खड़ी है।