सिरसा में किसान ने पेश की मिसाल: पौत्र होने की खुशी में गौशाला को दान कर अपनी जमीन
सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले के गांव खुईंया नेपालपुर में एक किसान दर्शन सिंह ने पौत्र होने की खुशी में एक अनूठी और प्रेरणादायक पहल करते हुए गांव की श्री कृष्ण प्रणामी गौशाला को अपनी 2 कनाल 4 मरला कृषि भूमि दान कर दी है।
किसान ने बताया कि आज से 2 साल पहले मैं वह गौशाला में आया था और गौमाता के सामने हाथजोड़ कर कहा कि मुझे पौत्र हो जाए तो में ये अपनी जमीन गौशाला के नाम कर दूंगा। गौमाता के आशीर्वाद से मेरे घर में लड़का हुआ और पौत्र की खुशी में मैने अपनी जमीन गौशाला के नाम कर दी।
समाज में जहां खुशी के मौकों पर लाखों रुपये दिखावे और भव्य आयोजनों पर खर्च किए जाते हैं, वहीं इस किसान ने इस दिखावे से उपर उठकर गौ सेवा का मार्ग चुना है। ग्रामीण क्षेत्र में हुए इस भूमि दान ने पूरे प्रदेश के सामने सामाजिक सरोकार की एक बड़ी मिसाल पेश की है।
गांव के सरपंच प्रतिनिधि राधेश्याम गांधी व स्थानीय ग्रामीणों और गौशाला प्रबंधन समिति ने किसान के इस निस्वार्थ फैसले का खुले दिल से स्वागत किया है और गौशाला में उनका धन्यवाद करते हुए सम्मानित किया। समिति के सदस्यों का कहना है कि वर्तमान समय में गौशालाओं को चारे और स्थान की भारी कमी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में 2 कनाल 4 मरला भूमि मिलने से गौशाला की चारे की समस्या का काफी हद तक स्थायी समाधान हो सकेगा।