सिरसा जिला स्वर्णकार संघ चुनाव: सर्वसम्मति टूटी तो हुआ मतदान, 34 वोटों की बंपर जीत के साथ सज्जन सोनी का राजतिलक
सिरसा के बेगू रोड स्थित सोनी धर्मशाला में रविवार को जिला स्वर्णकार संघ के चुनाव संपन्न हुए। सर्वसम्मति बनाने के शुरुआती प्रयास विफल रहने के बाद हुई वोटिंग में सज्जन सोनी ने एकतरफा जीत दर्ज की। कुल 36 में से 35 डेलिगेट्स ने मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लिया, जिसमें सज्जन सोनी ने 34 वोट हासिल कर अगले तीन वर्षों के लिए प्रधान पद पर कब्जा जमाया। वहीं, उनके प्रतिद्वंद्वी राहुल सोनी को मात्र एक वोट मिला। जीत के बाद समाज के लोगों ने गुलाल उड़ाकर और ढोल-नगाड़ों के साथ नवनियुक्त प्रधान का जोरदार स्वागत किया।
दो घंटे चली माथापच्ची, फिर ऐलनाबाद के उम्मीदवार ने रखी वोटिंग की मांग
चुनाव कमेटी के वरिष्ठ वाइस चेयरमैन सुखविंद्र सिंह सोनी के अनुसार, सुबह 10 बजे स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधि धर्मशाला में एकत्रित हुए। शुरुआती दो घंटों तक चुनाव मैदान में उतरे पांचों उम्मीदवारों के बीच सर्वसम्मति बनाने का प्रयास किया गया। हालांकि, ऐलनाबाद से उम्मीदवार राहुल सोनी ने सर्वसम्मति की बजाय मतदान करवाने की मांग रखी। कुल 6 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें से एक मौके पर अनुपस्थित रहा। आपसी सहमति न बनने पर चुनाव कमेटी ने बैलेट पेपर के जरिए मतदान कराने का अंतिम निर्णय लिया।
शांतिपूर्ण रहा मतदान, जल्द होगा नई कार्यकारिणी का विस्तार
चुनाव कमेटी में शामिल सरप्रस्त अमर सिंह भूण, चेयरमैन राजकुमार भूण और अन्य पदाधिकारियों की देखरेख में पूरी मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। बैलेट पेपर से हुई वोटिंग के नतीजे एकतरफा रहे।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनियुक्त प्रधान सज्जन सोनी ने चंद्रप्रकाश ऐलनाबाद (मार्केट कमेटी वाइस चेयरमैन), फतेहाबाद व सिरसा समेत विभिन्न तहसीलों के प्रधानों, डेलिगेट्स और चुनाव कमेटी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा से निभाएंगे और स्वर्णकार समाज के उत्थान के लिए जमीनी स्तर पर काम करेंगे। सज्जन सोनी ने बताया कि जल्द ही नई कार्यकारिणी का विस्तार कर विधिवत रूप से शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा।