Sirsa News: सिरसा के इस अस्पताल में फ्री मेडिकल कैंप, 12 अप्रैल को फ्री में करवाएं आंखों की जांच और मोतियाबिंद का ऑपरेशन

सिरसा के नेहरू पार्क स्थित अस्पताल में 12 अप्रैल को आंखों की मुफ्त जांच, मोतियाबिंद ऑपरेशन और शुगर टेस्ट की सुविधा मिलेगी।
 

सिरसा: श्री हनुमंत फाउंडेशन और जिला अंधता निवारण समिति के सहयोग से 12 अप्रैल, रविवार को सिरसा में एक बड़ा चिकित्सा शिविर लगाया जा रहा है। यह 279वां नि:शुल्क मासिक जांच कैंप नेहरू पार्क के पास स्थित श्री हनुमंत चैरिटेबल अस्पताल में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चलेगा। इस शिविर में मरीजों की आंखों की जांच, ब्लड शुगर टेस्ट और मोतियाबिंद के ऑपरेशन की सुविधा दी जाएगी।

मुख्य परियोजना संयोजक सुमन मित्तल और अध्यक्ष डॉ. आशीष खुराना ने शिविर की तैयारियों की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि जाने-माने समाजसेवी केवल कृष्ण वर्मा हनुमान जी की ज्योति जलाकर इस कैंप का शुभारंभ करेंगे। संस्था पिछले 27 सालों से लगातार जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दे रही है।

यह भी पढ़ें: Sirsa News: टीचरों से 74 लाख की धोखाधड़ी में सेंट जेवियर स्कूल को EPF का नोटिस, जानिए पूरा मामला

मोतियाबिंद के फ्री ऑपरेशन के लिए किन दस्तावेजों की जरूरत होगी?

इस शिविर में आंखों की बीमारियों की जांच नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रवीण अरोड़ा और डॉ. महिप बंसल करेंगे। कैंप में गरीबी रेखा से नीचे (BPL) जीवन यापन करने वाले चयनित परिवारों के मरीजों के सफेद मोतियाबिंद के ऑपरेशन बिल्कुल मुफ्त किए जाएंगे। इसके अलावा शिविर में आने वाले सभी मरीजों को दवाइयां और मधुमेह (शुगर) की जांच की सुविधा भी बिना किसी शुल्क के मिलेगी।

संस्था के संरक्षक एमपी गर्ग और बाबू राम मित्तल ने ऑपरेशन करवाने वाले मरीजों से एक अहम अपील की है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के लिए चुने गए मरीजों को अपने साथ फैमिली आईडी, आधार कार्ड, बीपीएल कार्ड और राशन कार्ड जरूर लाना होगा। इसके साथ ही मरीजों को अपना मोबाइल नंबर और बीमारी से जुड़ी पुरानी पर्ची भी साथ रखनी होगी ताकि इलाज में कोई दिक्कत न आए।