Sirsa News: हुक्का पिने से रोका तो पड़ोसी ने राड से फोड़ा चाचा-भतीजे का सिर

सिरसा में हुक्का पिने से मना किया तो भड़का पड़ोसी — राजस्थान से बुलाए साथी और कर दिया हमला; चाचा की हालत गंभीर, रेफर; शहर थाना में BNS की चार धाराओं में मुकदमा दर्ज
 
 
Sirsa News: शहर की जेजे कॉलोनी में हुक्के की एक छोटी-सी बात इतनी बड़ी हो गई कि पड़ोसी ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर  चाचा-भतीजे के सिर लोहे की राड और ईंट से फोड़ दिए। पीड़ित हीरालाल और उसके चाचा कृष्ण को परिजनों ने सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चाचा की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने शहर थाना में हमलावरों के खिलाफ BNS की चार धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस को दी तहरीर में हीरालाल ने बताया कि वह अपने मकान के सामने हुक्का भरकर बैठा था। तभी उसका पड़ोसी गुरमेल उर्फ आसमान वहां आया और बोला कि उसे भी हुक्का पीना है। हीरालाल ने साफ मना कर दिया और कहा कि वह किसी शराबी को हुक्का नहीं पिलाएगा, क्योंकि यह पितरों का हुक्का है। यही बात गुरमेल को नागवार गुजरी।

कुछ देर बाद गुरमेल राजस्थान के तलवाड़ा झिल के रहने वाले अपने रिश्तेदारों पिन्टू और बब्बू को साथ लेकर गली में हीरालाल के घर के बाहर आ गया। तीनों ने पहले रास्ता रोककर हीरालाल के साथ गाली-गलौज शुरू की और घर के दरवाजे पर ईंट-पत्थर फेंकने लगे। इसके बाद गुरमेल ने लोहे की राड निकाली और हीरालाल पर सीधा हमला कर दिया। जब चाचा कृष्ण भतीजे को बचाने के लिए बीच में आए तो गुरमेल ने राड उनके सिर पर दे मारी, जिससे वे बेहोश होकर जमीन पर गिर गए। बब्बू ने एक ईंट हीरालाल की छाती पर दे मारी, जिससे वह भी नीचे गिर गया। दोनों के नीचे गिरते ही तीनों ने लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। आसपास के लोगों को आता देख हमलावर भाग गए — और जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दे गए।

पुलिस की कार्रवाई और आगे क्या होगा

शिकायत मिलते ही शहर थाना पुलिस ने गुरमेल उर्फ आसमान, पिन्टू और बब्बू के खिलाफ BNS की धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 3(5) (सामान्य इरादे से अपराध), 126(2) (गलत तरीके से रोकना) और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। चूंकि पिन्टू और बब्बू राजस्थान के तलवाड़ा झिल के रहने वाले हैं, इसलिए पुलिस वहां भी संपर्क कर रही है।

Haryana News: बल्लभगढ़ अनाज मंडी में आढ़ती पर रॉड से हमला, पुलिसकर्मी पर साजिश का आरोप

इस घटना का सीधा असर जेजे कॉलोनी के आम लोगों पर पड़ा है। जिस गली में यह मारपीट हुई वहां पड़ोसी डरे हुए हैं। चाचा कृष्ण को गंभीर हालत में रेफर किए जाने से परिवार की परेशानी और बढ़ गई है। सिरसा में पड़ोसी विवादों में हथियारों के इस्तेमाल की बढ़ती घटनाएं इलाके में चिंता का कारण बन रही हैं।