जमाल-नेठराना रोड़ के खेतों में मिला पीआईए का नाम लिखा गुब्बारा, पुलिस मौके पर पहुंची
नाथूसरी चौपटा/सिरसा, 29 नवंबर। हरियाणा और राजस्थान की सीमा से सटे सिरसा जिले के गांव जमाल में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब खेतों में अचानक एक विमाननुमा गुब्बारा आकर गिर गया। प्लेन के आकार में बने इस गुब्बारे पर पीआईए और चांद-सितारा छपा हुआ था। खेतों में इस तरह का गुब्बारा मिलने की खबर फैलते ही ग्रामीणों में कुछ समय के लिए भय और कौतूहल का माहौल बन गया।
खेत में काम कर रहे ग्रामीणों ने दी सूचना, मौके पर पहुंची पुलिस
जानकारी के अनुसार जमाल-नेठराना रोड स्थित किसान जगत पाल बेनीवाल के खेतों में रविवार सुबह अचानक यह गुब्बारा गिरा। उस वक्त खेतों में काम कर रहे लोगों की नजर जब विमान जैसे दिखने वाले इस गुब्बारे पर पड़ी, तो उस पर पीआईए लिखा देख वे चौंक गए। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत इसकी सूचना जमाल पुलिस चौकी को दी।
सूचना मिलते ही जमाल चौकी प्रभारी सुबेसिंह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने खेत में गिरे गुब्बारे का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां मौजूद ग्रामीणों से भी आवश्यक जानकारी जुटाई।
जमाल चौकी इंचार्ज सुबेसिंह ने निरीक्षण के बाद बताया कि जमाल-नेठराना रोड स्थित जगत पाल बेनीवाल के खेतों में मिला यह गुब्बारा बेहद हल्का है और इस पर पीआईए लिखा हुआ है। उनके अनुसार संबंधित कंपनी अपनी एडवरटाइजिंग (विज्ञापन) के लिए इस प्रकार के गुब्बारे छोड़ती है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि यह हल्का प्रचार गुब्बारा हवा के तेज रुख के कारण उड़ते हुए हरियाणा-राजस्थान सीमा के इस क्षेत्र तक पहुंच गया और खेतों में गिर गया। पुलिस की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली, हालांकि यह अनोखी घटना पूरे गांव और आसपास के इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें की इससे पहले भी गांव खेड़ी में इस तरह के गुब्बारे मिलने की घटना सामने आ चूकी है।