सिरसाः खुईयां टोल प्लाजा पर 29 मई को किसानों का बड़ा प्रदर्शन, 4 घंटे पर्ची फ्री रहेगा टोल
सिरसा/डबवाली। सिरसा के डबवाली क्षेत्र से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए एक बड़ी और काम की खबर आ रही है। संयुक्त किसान मोर्चा गैर-राजनीतिक (भारत) के आह्वान पर किसानों और मजदूरों की लंबित मांगों को लेकर आगामी शुक्रवार यानी 29 मई 2026 को डबवाली के खुईयां टोल प्लाजा को पूरी तरह से पर्ची मुक्त किया जाएगा।
भारतीय किसान एकता (बीकेई) द्वारा क्षेत्र के लोगों के सहयोग से यह कदम उठाया जा रहा है, जिसके तहत शुक्रवार को सुबह 11:00 बजे से लेकर दोपहर 3:00 बजे तक टोल प्लाजा पर कोई पर्ची नहीं कटेगी। इस दौरान आने-जाने वाले सभी वाहनों को बिना कोई टैक्स दिए सीधे निकाला जाएगा।
भारतीय किसान एकता के प्रदेशाध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख ने इस आंदोलन की वजह बताते हुए कहा कि किसान आंदोलन के पहले और दूसरे चरण की बची हुई मुख्य मांगों को लेकर केंद्र और राज्य सरकारें लगातार अनदेखी कर रही हैं। सरकार की इसी टालमटोल नीति, जबरन थोपे जा रहे कर-मुक्त व्यापार समझौतों, बिजली बिल 2025, सीड्स बिल 2025 और खेती-किसानी विरोधी फैसलों के खिलाफ किसानों में भारी रोष बना हुआ है। इसी गुस्से को जाहिर करने के लिए अब पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के मुख्य टोल प्लाजा को पर्ची मुक्त करने का फैसला लिया गया है ताकि सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाई जा सके।
राष्ट्रीय मुद्दों के साथ-साथ सिरसा जिले के किसानों की कई स्थानीय और बेहद जरूरी समस्याएं भी इस आंदोलन का मुख्य कारण बनी हुई हैं। किसान नेताओं का कहना है कि खरीफ सीजन 2020 का डबवाली, कालांवाली और गोरीवाला तहसीलों का बकाया मुआवजा सरकार ने आज तक जारी नहीं किया है, जिसके लिए किसान लंबे समय से भटक रहे हैं।
इसके साथ ही रोड़ी, कालांवाली, ओढ़ां और डबवाली क्षेत्र के खेतों तक सिंचाई का पूरा पानी पहुंचाने के लिए घग्गर नदी से 'फलड़ी नाला' निकालने की मांग बरसों से अटकी पड़ी है। नहरी पानी की सप्लाई पूरी तरह बाधित होने से किसान बेहाल हैं, जिसके कारण प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में सुधार और गेहूं की बकाया पेमेंट तुरंत जारी करने की मांग उठाई जा रही है।
इस टोल फ्री कार्यक्रम को पूरी तरह कामयाब बनाने के लिए भारतीय किसान एकता की टीमें लगातार गांव-गांव जाकर जनसंपर्क अभियान चला रही हैं। बुधवार, 27 मई को संगठन के प्रदेश महासचिव अंग्रेज सिंह कोटली, मीडिया प्रभारी गुरलाल सिंह भंगू, गुरजीत सिंह मान, राजू फूलकां और कंता सिंह भंगू ने घुक्कांवाली, नुईयांवाली और सालमखेड़ा सहित कई गांवों का दौरा किया। किसान नेताओं ने इन गांवों में किसानों की बैठकें लेकर उन्हें 29 मई को ठीक सुबह 11 बजे खुईयां टोल प्लाजा पर ज्यादा से ज्यादा संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ पहुंचने का न्योता दिया है।
सिरसा में नहरों में नहाने पर लगी पाबंदी, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्यवाही
टोल प्लाजा पर जुटने वाले किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और आम जनता की सुविधा के लिए कई सामाजिक संस्थाओं और गांवों ने मिलकर सेवा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। भीषण गर्मी के इस मौसम को देखते हुए ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री चोरमार साहिब की ओर से टोल प्लाजा पर बकायदा लंगर सेवा चलाई जाएगी।
इसके अलावा गांव नीलांवाली के ग्रामीणों द्वारा ठंडे-मीठे पानी की छबील लगाई जाएगी, जबकि सिंधु मोटर्स डबवाली की तरफ से बिस्कुट सेवा और अलग-अलग गांवों के किसानों द्वारा शुद्ध दूध की सेवा मौके पर पहुंचाई जाएगी ताकि संघर्ष में शामिल होने वाले लोगों को कोई परेशानी न हो।