फर्जी बिल और 7 करोड़ का गबन, सिरसा की महालक्ष्मी राइस इंडस्ट्री में करोड़ के फर्जीवाड़े का बड़ा खुलासा
सिरसा। शिव ट्रैडर्स के संचालक रानियां निवासी राजेश खन्ना ने वर्ष 2022 में सिरसा निवासी संजय जैन के साथ पार्टनरशिप में शुरू की गई महालक्ष्मी राइस इंडस्ट्री से करोड़ों रुपए की ठगी कर डाली। बेचे गए माल की राशि बार-बार मांगने पर भी न देने पर फर्म संचालक संजय जैन को शक हुआ, जिसपर उसने जब पूरी जानकारी ली तो इस फर्जीवाड़े का पता चला।
जब राजेश खन्ना से इस बाबत पूछा गया तो उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया, जिसके बाद उन्होंने 1 जुलाई 2024 को पुलिस को इस संबंधी शिकायत दी, जिसपर पुलिस ने 8 अगस्त को इस मामले में राजेश खन्ना पुत्र सुदर्शन खन्ना निवासी रानियां, हिमिज खन्ना व शाकिब के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया।
पहले तो पुलिस अपने स्तर पर जांच करती रही, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए 17 अगस्त 2024 में पुलिस द्वारा एसआईटी का गठन किया गया। एसआईटी की जांच में अनेक लोगों के नाम इस फर्जीवाड़े में सामने आए, जिनमें मंडी एसोसिएशन के प्रधान प्रेम बजाज, बलविंद्र खन्ना, राजेश कुमार, कांता खन्ना, अश्वनी कुमार, आशीष फुटेला, बबलप्रीत सिंह, देवराज कंबोज, रोहन, राजेंद्र कुमार, संदीप कुमार व संगीत शामिल रहे।
एसआईटी की जांच में सामने आया कि राजेश खन्ना ने इस फर्जीवाड़े में उपरोक्त सभी फर्मों के संचालकों से फर्जी बिल लिए और उनके बैंक खातों में राशि ट्रांसफर की और फर्जी बिलिंग लेकर उपरोक्त पार्टनरशिप फर्म के माल की राशि स्वयं हजम कर गया और महालक्ष्मी राइस इंडस्ट्री के संचालक को पेमेंट के लिए बार-बार टरकाता रहा। इस तरह उसने पार्टनर संजय जैन के साथ करीबन 7 करोड़ रुपए से अधिक की धोखाधड़ी कर डाली।
आरोपियों ने हाईकोर्ट से करवाई जमानत:
इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों बलविंद्र खन्ना पुत्र सुदर्शन खन्ना निवासी रानियां व राजेश कुमार पुत्र मनोहरलाल निवासी सिरसा को हिरासत में लिया था। इसके बाद सभी आरोपियों ने निचली कोर्ट में जमानत याचिका लगाई, जोकि खारिज होने के बाद हाईकोर्ट में जमानत के लिए याचिका दायर की, जिसपर हाईकोर्ट ने जमानत दे दी।