Sirsa Mandi News: जिले की अनाज मंडी में तकनीकी खराबी जानने पहुंचे एडीसी अर्पित संगल, खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को दी सख्त हिदायत
सिरसा: सिरसा अनाज मंडी में पिछले कई दिनों से चल रही तकनीकी खराबी और गेटपास न मिलने की समस्या अब विकराल रूप ले चुकी है। गेहूं खरीद सीजन के बीच अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने खुद मंडी का दौरा कर आढ़ती एसोसिएशन के पदाधिकारियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान आढ़तियों ने लस्टर लॉस, ऑनलाइन गेटपास न कटने, सरकारी पोर्टल में लगातार तकनीकी खराबी और बायोमेट्रिक से जुड़ी दिक्कतों के साथ नई अतिरिक्त मंडी में सिक्योरिटी का मुद्दा उठाया।
मंडी प्रधान प्रेम बजाज ने एडीसी को बताया कि किसानों की फसल मंडी में आने के बाद भी सही से खरीद नहीं हो पा रही है। लस्टर लॉस के चलते उठान व्यवस्था ठप है और गेटपास न मिलने से ट्रॉलियां मंडी के बाहर ही धूप में खड़ी हैं। एडीसी अर्पित संगल ने सभी मुद्दों को विस्तार से सुना और संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि इन समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाए।
यह भी पढ़ें: हरियाणा के किसानों के लिए उद्यान विभाग की बड़ी सौगात, इस योजना के तहत सरकार दे रही 100% अनुदान
क्यों अटकी है सिरसा मंडी में गेहूं खरीद और उठान की पूरी व्यवस्था?
एडीसी अर्पित संगल ने मौके पर मौजूद तीनों खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि वे पोर्टल को दुरुस्त करवाने में कोई देरी न करें। उन्होंने साफ कहा कि किसानों और आढ़तियों को खरीद व उठान व्यवस्था में कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। जिला प्रशासन पूरी सजगता से काम कर रहा है और किसी भी सूरत में फसल खराब नहीं होने दी जाएगी। संगल ने अफसरों से कहा कि वे जल्द से जल्द तकनीकी खामियों को दूर करें ताकि आढ़तियों और किसानों को दोबारा परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रेम बजाज ने एडीसी के त्वरित हस्तक्षेप और मंडी में मौके पर पहुंचकर मुद्दे सुनने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त उपायुक्त ने जिस गंभीरता से सभी समस्याओं को सुना है, उससे आशा है कि जल्द ही इनका स्थायी समाधान हो जाएगा। आढ़ती एसोसिएशन ने सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की भी मांग की थी, जिस पर एडीसी ने आश्वासन दिया कि नई अतिरिक्त मंडी में जल्द ही सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। अर्पित संगल ने कहा कि किसानों का दोहरा उत्पीड़न रोकना प्रशासन की प्राथमिकता है और इस दिशा में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।