सिरसा के हुडा सेक्टर-2 में कुत्ते पकड़ने गई टीम पर हमला, कर्मचारी को घर में बंधक बनाकर पीटा

 

सिरसा नगरपरिषद की ठेका एजेंसी के एक कर्मचारी को शुक्रवार शाम हुडा सेक्टर-2 में कुछ लोगों ने बंधक बनाकर पीटने का मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री विंडो (CM Window) पर मिली शिकायत के बाद टीम वहां आवारा और पालतू कुत्तों को पकड़ने पहुंची थी, जहां स्थानीय लोगों ने सरकारी कार्रवाई का विरोध करते हुए हमला कर दिया।

सीएम विंडो की शिकायत पर कार्रवाई करने पहुंची थी टीम

हुडा सेक्टर-2 के निवासियों ने सीएम विंडो के माध्यम से नगरपरिषद को शिकायत दी थी कि सेक्टर के कुछ मकानों में पाले गए कुत्ते और आवारा कुत्ते आम जनता को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसी शिकायत के आधार पर नगरपरिषद ने ठेका एजेंसी के कर्मचारियों को मौके पर भेजा था। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे जब टीम सेक्टर में पहुंची, तो वहां रहने वाले कुछ लोगों ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध इतना बढ़ गया कि लोगों ने हाथापाई शुरू कर दी और कर्मचारियों को काम करने से रोक दिया।

घर के अंदर खींचकर कर्मी को बनाया बंधक

हमले के दौरान घायल हुए कर्मचारी रिंकू ने बताया कि वह अपने दो साथियों के साथ सेक्टर में पहुंचा था। इसी बीच भीड़ जमा हो गई और गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गई। रिंकू के अनुसार, आरोपितों ने उसके एक साथी को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद उसके दोनों साथी जान बचाकर मौके से भाग निकले। रिंकू का आरोप है कि हमलावर उसे पकड़कर जबरन एक घर के अंदर ले गए। वहां उसे बंधक बना लिया गया और बंद कमरे में बेरहमी से पीटा गया। इस दौरान ठेका एजेंसी के अन्य सदस्यों ने तुरंत पुलिस को मामले की जानकारी दी।

डायल-112 ने मौके पर पहुंचकर युवक को छुड़वाया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर के अंदर बंधक बनाए गए रिंकू को लोगों के चंगुल से छुड़वाया और तुरंत नागरिक अस्पताल सिरसा पहुंचाया। रिंकू के शरीर पर चोटों के निशान हैं और फिलहाल उसका उपचार अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के पहुंचते ही हमलावर मौके से खिसक गए। अस्पताल में भर्ती रिंकू ने पुलिस को दिए बयान में हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के साथ ऐसी घटना न हो।

सिरसाः चेक बाउंस से लेकर घरेलू विवाद तक, सिरसा लोक अदालत में 41 हजार में से 37 हजार केसों का निपटारा पास

सरकारी काम में बाधा और मारपीट की जांच शुरू

नगरपरिषद के अधिकारियों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। पुलिस अब उन लोगों की पहचान करने में जुटी है जिन्होंने कर्मचारी को बंधक बनाया था। पुलिस यह जांच कर रही है कि हमलावर उन पालतू कुत्तों के मालिक थे जिनकी शिकायत की गई थी या कोई और। सिरसा पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, बंधक बनाने और मारपीट करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सेक्टर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपितों की पहचान पुख्ता हो सके।

पुलिस अब इस मामले में सेक्टर के उन घरों के मालिकों से पूछताछ करेगी जिनके खिलाफ सीएम विंडो पर शिकायत दर्ज थी। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जा सकता है।