सिरसा में मीट कारोबार पर संकट! दुकानों को बंद कराने फिर पहुंचेगी नगर परिषद की टीम
सिरसा। हाई कोर्ट के आदेश के बाद सिरसा में मीट की दुकानों पर एक बार फिर सीलिंग की कार्रवाई की तैयारी है। नगर परिषद की टीम पुलिस बल के साथ दुकानों को बंद करवाने पहुंचेगी। इससे पहले हुई कार्रवाई के दौरान मीट विक्रेताओं ने विरोध जताते हुए अलग मीट मार्केट के लिए जगह देने की मांग उठाई थी। ऐसे में दोबारा कार्रवाई के दौरान विरोध की आशंका बनी हुई है।
शहर के बाल्मीकि चौक सहित हिसार रोड, डबवाली रोड और रानियां रोड पर मीट की दुकानें संचालित हो रही हैं। मंगलवार को नगर परिषद की टीम पुलिस बल के साथ कार्रवाई के लिए पहुंची थी, लेकिन दुकानदारों के विरोध के चलते मामला गरमा गया। विक्रेताओं का कहना था कि उन्हें बिना नोटिस दुकानें बंद करने के बजाय मीट बिक्री के लिए अलग जगह उपलब्ध करवाई जाए।
2019 से अदालत में चल रहा मामला
मीट की दुकानों को बंद करवाने का मामला वर्ष 2019 से अदालत में विचाराधीन है। गुरुद्वारा चिल्ला साहिब की प्रबंधन कमेटी ने रानियां रोड, हिसार रोड और डबवाली रोड पर चल रही दुकानों को बंद करवाने के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। रिपोर्ट के मुताबिक, अदालत के आदेशों के बाद नगर परिषद कार्रवाई कर रही है।
अब दोबारा सीलिंग की तैयारी के बीच दुकानदारों और प्रशासन के बीच टकराव की आशंका जताई जा रही है।