Sirsa News: सार्वजनिक माफी मांगें रेणु भाटिया, वरना जाएंगे कोर्ट', सिरसा अस्पताल से नर्सिंग स्टाफ का बड़ा अल्टीमेटम

 

सिरसा। नागरिक अस्पताल के नर्सिंग कर्मचारियों ने महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अस्पताल परिसर में हुई गेट मीटिंग में नर्सिंग एसोसिएशन ने साफ कर दिया है कि अगर रेणु भाटिया ने अपनी अभद्र टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी, तो वे कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। हालांकि, अध्यक्ष के इस्तीफे की खबर के बाद कर्मचारियों ने मरीजों की परेशानी को देखते हुए अपनी हड़ताल वापस ले ली है और काम पर लौट आए हैं।

नर्सिंग एसोसिएशन के जिला प्रधान राजकुमार भारद्वाज की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कर्मचारियों ने अपना गुस्सा जाहिर किया। उनका कहना था कि रेणु भाटिया ने बिना किसी सबूत के नर्सिंग स्टाफ को कटघरे में खड़ा किया है, जिससे उनकी छवि खराब हुई है। कर्मचारियों ने साफ किया कि उनकी असली ड्यूटी वार्ड में भर्ती मरीजों की देखभाल करना है। किसी डॉक्टर के साथ हर वक्त मौजूद रहना उनके काम का हिस्सा नहीं है।

मीटिंग के दौरान एक मासूम बच्ची के साथ हुई घटना का भी कड़ा विरोध किया गया। भारद्वाज ने कहा कि इस घिनौने अपराध को अंजाम देने वाले को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। इस घटना से पूरा समाज आहत है और पीड़िता को जल्द न्याय मिलना चाहिए। नर्सिंग स्टाफ ने साफ किया कि वे हमेशा इंसानियत की सेवा के लिए तैयार हैं, लेकिन अपने आत्मसम्मान से समझौता नहीं करेंगे।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि हड़ताल वापस लेने का मतलब यह नहीं है कि वे पीछे हट गए हैं। अगर रेणु भाटिया ने सार्वजनिक तौर पर अपनी गलती नहीं मानी तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर जिला महासचिव अमित, मैट्रन मुकेश और गायत्री देवी के अलावा अनीता, मीना, रानी, पूजा, नरेश, शशि, गीता, सीमा, हरजीत और उर्मिल समेत कई नर्सिंग अफसर और स्टाफ सदस्य मौजूद थे।