सिरसा पंचायत उप चुनाव 2026: 25 वार्डों में रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त, 10 मई को मतदान

सिरसा जिले में पंच, सरपंच और पंचायत समिति के रिक्त पदों पर 10 मई को होगा मतदान। 21 से 25 अप्रैल तक नामांकन, 27 को जांच और 28 अप्रैल को नाम वापसी की आखिरी तारीख। मतदान खत्म होते ही उसी दिन शुरू होगी मतगणना और तुरंत घोषित होंगे नतीजे।
 

Haryana News (Sirsa): जिले की पंचायती राज संस्थाओं में रिक्त पड़े पंच, सरपंच और पंचायत समिति सदस्य के पदों पर 10 मई को उप चुनाव होगा। इसकी तैयारी तेज करते हुए जिला प्रशासन ने सभी रिक्त वार्डों और ग्राम पंचायतों के लिए रिटर्निंग अधिकारियों और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के तहत 13 अप्रैल 2026 से ही संबंधित पंचायत क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है, जिसके चलते संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के तबादलों पर भी रोक लगा दी गई है।

डीडीपीओ बलजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत समिति स्तर पर तीन वार्डों के लिए एसडीएम स्तर के अधिकारियों को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। पंचायत समिति ऐलनाबाद के वार्ड नंबर 19 के लिए एसडीएम ऐलनाबाद पारस भागोरिया, पंचायत समिति औढां के वार्ड नंबर एक के लिए एसडीएम कालांवाली मोहित कुमार और पंचायत समिति सिरसा के वार्ड नंबर आठ के लिए एसडीएम राजेंद्र कुमार को रिटर्निंग अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।

खंडवार नियुक्तियां: किस गांव में कौन संभालेगा चुनाव की कमान

पंच पदों के लिए जिले के सभी छह खंडों में पीजीटी स्तर के अधिकारियों को रिटर्निंग अधिकारी बनाया गया है। खंड डबवाली में ग्राम पंचायत डबवाली के वार्ड 8 व 10 के लिए पीजीटी अश्वनी कुमार, गांव तेजाखेड़ा के वार्ड 2 के लिए पीजीटी राम चंद्र, गांव बिज्जूवाली के वार्ड 2 के लिए पीजीटी पुष्पेंद्र कुमार, गांव मौजगढ़ के वार्ड 1 के लिए पीजीटी सिकंदर सिंह, गांव नीलांवाली के वार्ड 4 के लिए पीजीटी अनुराग करड़वाल, गांव आसाखेड़ा के वार्ड 4 के लिए पीजीटी उमेद सिंह, गांव गोरीवाला के वार्ड 6 के लिए पीजीटी योगेश कुमार और गांव लखुआना के वार्ड 2 के लिए पीजीटी सुनील कस्वां को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है।

खंड ऐलनाबाद में ढाणी संता सिंह के वार्ड 1 के लिए पीजीटी पवन कुमार, गांव मल्लेकां के वार्ड 1 के लिए पीजीटी रामजी लाल और गांव तलवाड़ा खुर्द के वार्ड 14 के लिए पीजीटी नामदेव को यह जिम्मेदारी मिली है। खंड नाथूसरी चौपटा के गांव शेरपुरा के वार्ड 3 व 6 के लिए पीजीटी अजय कुमार तथा गांव अली मोहम्मद के वार्ड 6 के लिए पीजीटी सुरेश कुमार रिटर्निंग अधिकारी होंगे। खंड औढां के गांव सिंघपुरा के वार्ड 6 के लिए पीजीटी अजय कुमार और गांव चुकेरियां के वार्ड 3 के लिए पीजीटी विनोद कुमार को नियुक्त किया गया है।

खंड रानियां में गांव गिदंडावाली के वार्ड 4 के लिए पीजीटी श्याम लाल, ग्राम पंचायत धोतड़ के वार्ड 6 के लिए पीजीटी विरेंद्र कुमार और ग्राम पंचायत ढुढियांवाली के वार्ड 6 व 10 के लिए पीजीटी राय साहब रिटर्निंग अधिकारी होंगे। खंड सिरसा में गांव थेड़ी बाबा सावन सिंह के वार्ड 2 के लिए पीजीटी हरीश कुमार को यह दायित्व सौंपा गया है।

सरपंच पदों के उप चुनाव के लिए खंड बड़ागुढा के गांव बीरूवालागुढा में पीजीटी बलविंद्र, गांव मलड़ी में पीजीटी कुलविंद्र सिंह, खंड ऐलनाबाद के गांव चिलकनी ढाब के लिए पीजीटी देश दीपक और खंड रानियां के गांव धमोड़ा थेड़ी के लिए पीजीटी अंकुर छाबड़ा को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। हर जगह नामांकन पत्र संबंधित सरकारी स्कूल या खंड कार्यालय में लिए जाएंगे।

10 मई को एक ही दिन में वोटिंग और नतीजे — जानें पूरा चुनाव शेड्यूल

उम्मीदवारों के लिए नामांकन की प्रक्रिया 21 अप्रैल से शुरू होकर 25 अप्रैल तक चलेगी और हर दिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 27 अप्रैल को सुबह 11 बजे से होगी, जबकि नाम वापसी की आखिरी तारीख 28 अप्रैल दोपहर 3 बजे है। उसी दिन नाम वापसी के बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित किए जाएंगे।

Sirsa News: जिले में 5 सरपंचों समेत 34 पदों पर होंगे उपचुनाव, यहां देखें पूरा शेड्यूल

मतदान का दिन 10 मई (रविवार) होगा और सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। मतदान समाप्त होते ही संबंधित केंद्रों पर मतगणना शुरू कर दी जाएगी और परिणाम भी तुरंत घोषित किए जाएंगे। Amar Ujala अगर किसी वार्ड में पुनर्मतदान की नौबत आई, तो मतगणना जरूरत के अनुसार 12 मई को पूरी की जाएगी।

इस उप चुनाव से सिरसा जिले के दर्जनों गांवों में लंबे समय से खाली पड़े पंच और सरपंच के पद भरे जाएंगे, जिससे इन गांवों में रुकी हुई विकास योजनाओं और ग्रामसभा के फैसलों को दोबारा गति मिलेगी। रिक्त पदों के चलते कई गांवों में पंचायत से जुड़े जरूरी काम अधर में अटके हुए थे, जो अब नए जनप्रतिनिधियों के चुने जाने के बाद आगे बढ़ सकेंगे।