सिरसा में शांतिपूर्ण मतदान के बाद नतीजे घोषित, जानें किस गांव में किसने मारी बाजी

 

सिरसा। जिले में पंचायती राज संस्थाओं के रिक्त पदों को भरने के लिए रविवार को हुए उप-चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए हैं। ग्रामीण मतदाताओं में चुनाव को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला, जिसके चलते कई मतदान केंद्रों पर भारी बंपर वोटिंग दर्ज की गई।

प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। शाम 6 बजे तक सभी मतदान केंद्रों पर वोटिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए मतदान खत्म होने के तुरंत बाद ही मतगणना शुरू कर दी गई और देर शाम तक सभी विजेताओं की घोषणा कर दी गई।

उपचुनाव के दौरान सबसे ज्यादा उत्साह खंड ऐलनाबाद के गांव चिलकनी ढाब में देखा गया। यहां सरपंच पद के लिए हुए चुनाव में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मतदान का आंकड़ा 95.67 प्रतिशत तक पहुंच गया। इस सीट पर राकेश कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सरपंच पद पर कब्जा जमाया। राकेश कुमार को कुल 1826 मतों में से 926 मत प्राप्त हुए और उन्होंने जीत का परचम लहराया।

वहीं, खंड रानियां के गांव धमोड़ा थेड़ी में भी सरपंच पद के लिए कांटे की टक्कर देखने को मिली। इस गांव में कुल 66.5 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना के बाद आए नतीजों में महिला उम्मीदवार मनजीत कौर ने जीत हासिल की। मनजीत कौर को कुल 1132 डाले गए वोटों में से 511 वोट मिले और उन्हें विजयी घोषित किया गया।

सरपंच पदों के अलावा खंड डबवाली के गांव बिज्जूवाली के वार्ड नंबर 2 में पंच पद के लिए भी उपचुनाव हुआ। यहां 87.05 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वार्ड नंबर 2 से पंच पद के लिए सचिन ने बाजी मारी। सचिन को 170 मतों में से 95 मत प्राप्त हुए और उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए जीत दर्ज की।

सिरसा में फायर कर्मचारियों की हड़ताल तेज, बिजली और रोडवेज यूनियन का मिला साथ

प्रशासनिक अधिकारियों और चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों की देखरेख में पूरी चुनावी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरी की गई। रिटर्निंग अधिकारियों ने मतगणना के तुरंत बाद विजेताओं को जीत का प्रमाण पत्र सौंप दिया। नतीजों की घोषणा होते ही नवनिर्वाचित सरपंचों और पंचों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाइयां बांटकर अपनी जीत का जश्न मनाया।