नशे की काली कमाई पर सिरसा पुलिस का बड़ा एक्शन, हुड्डा सेक्टर में तस्कर की 1.04 करोड़ की प्रॉपर्टी सीज

 

सिरसा । सिरसा पुलिस ने नशा तस्करी की काली कमाई से बनी संपत्तियों पर शिकंजा कसते हुए हुड्डा सेक्टर-20 पार्ट-2 निवासी पवन कुमार उर्फ पंडित की करीब 1 करोड़ 4 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति अटैच कर दी है। सिविल लाइन थाना पुलिस की इस कार्रवाई में हुड्डा सेक्टर स्थित करीब 98 लाख रुपये कीमत का मकान नंबर 1261 और दो कारें शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के मुताबिक थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राधेश्याम ने आरोपी की संपत्तियों का रिकॉर्ड जुटाकर सक्षम प्राधिकारी और राजस्व विभाग, दिल्ली को भेजा था। जांच के बाद NDPS Act 1985 की धारा 68F(2) के तहत आरोपी और परिवार के सदस्यों के नाम दर्ज संपत्तियों को अटैच करने के आदेश जारी किए गए हैं। अब इन संपत्तियों को बेचना, हस्तांतरित करना या खुर्द-बुर्द करना संभव नहीं होगा।

25 करोड़ की हेरोइन बरामदगी में भी आया था आरोपी का नाम

पुलिस के मुताबिक,बीते वर्ष सिविल लाइन थाना पुलिस ने करीब 25 करोड़ रुपये कीमत की 4 किलो 256 ग्राम हेरोइन बरामदगी मामले में भी नशा तस्कर पवन कुमार की संलिप्तता सामने आई थी। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2004 से अब तक शहर सिरसा, बड़ागुढ़ा और सिविल लाइन थानों में नशा तस्करी के सात मामले दर्ज हैं। इनमें दो मामलों में उसे सजा हो चुकी है, जबकि अन्य मामले अभी अदालत में विचाराधीन हैं।

नशे से कमाई गई पाई-पाई का होगा हिसाब

एसपी दीपक सहारन ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई अब केवल नशा तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। नशे के कारोबार से बनाई गई संपत्तियों का भी पूरा हिसाब लिया जाएगा। पुलिस ऐसे लोगों की संपत्तियों का रिकॉर्ड खंगाल रही है, जिन्होंने नशे के धंधे से अपना आर्थिक साम्राज्य खड़ा किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा बेचकर अमीर बनने का सपना देखने वालों को अब कानून की सख्त कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।