सिरसाः नशे ने छीन ली एक और 19 वर्षिय युवक की जिंदगी, ऑवरडोज से ढाणी ख्योवाली के युवक की मौत
सिरसा/रानियां। जिले के रानियां कस्बे में नशे की ओवरडोज से एक 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह घटना नानुआना रोड स्थित खेल स्टेडियम में देर शाम की है, जहां युवक ने मेडिकल स्टोर से खरीदे नशीले पदार्थ का सेवन किया और उसकी तबीयत बिगड़ गई।
मृतक की पहचान सिकंदर सिंह (19) पुत्र सतपाल के रूप में हुई है, जो ढाणी ख्योवाली गांव का रहने वाला था। सिकंदर अपनी मां के साथ रानियां के वार्ड नंबर-7 में अपने मामा के घर आया हुआ था। बताया जा रहा है कि वह पिछले दो से तीन साल से मेडिकल नशे का आदी था। वह राय सिख समुदाय से संबंध रखता था।
पुलिस के अनुसार, युवक ने रास्ते में एक मेडिकल स्टोर से नशा खरीदा था। खेल स्टेडियम को खाली देखकर उसने वहीं पर नशे का सेवन किया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवाया और परिजनों से पूछताछ की। रानियां थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।