सिरसा रोडवेज डिपो में चालक संघ का गठन, कुलविंदर कोटली बने प्रधान और राय सिंह सचिव

 

सिरसा, 23 नवंबर। हरियाणा राज्य परिवहन चालक संघ के सिरसा डिपो की नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया गया है। सिरसा बस स्टैंड प्रांगण में आयोजित रोडवेज चालकों और कर्मचारियों की बैठक में सर्वसम्मति से चालक कुलविंदर कोटली को डिपो प्रधान और ऐलनाबाद से चालक राय सिंह को सचिव चुना गया। बैठक में सिरसा डिपो के लगभग सभी कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में चालक व परिचालक मौजूद रहे।

सिरसा डिपो चालक संघ की नई कार्यकारिणी

बैठक में सर्वसम्मति से सिरसा आगार चालक संघ की 9 सदस्यीय कार्यकारिणी को मंजूरी दी गई, जिसमें विभिन्न पदों पर निम्नलिखित चालकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है:

पद नियुक्त पदाधिकारी (चालक)
प्रधान कुलविंदर कोटली
वरिष्ठ उप प्रधान महावीर (उमेदपुरा)
उप प्रधान निशान सिंह
सचिव राय सिंह (ऐलनाबाद)
सह सचिव दाता राम
खजांची रमेश स्वामी
प्रेस प्रवक्ता रमेश जांगड़ा
ऑडिटर बलवान
कार्यालय सचिव राजकुमार कोटली

प्रमोशन, जोखिम भत्ता और वेतनमान संशोधन मुख्य मांगें

बैठक में चालक संघ के राज्य प्रधान संजीव कुमार, राज्य महासचिव कर्मबीर नरवाल, कार्यकारिणी सदस्य देवेंद्र यदुवंशी और वरिष्ठ उप प्रधान नरेंद्र घणघस ने विशेष रूप से शिरकत की। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए राज्य नेताओं ने कहा कि विभाग में चालकों की लगातार अनदेखी हो रही है। चालक का कार्य अत्यंत जोखिम और कष्ट भरा होने के बावजूद उनके लिए प्रमोशन के अवसर न के बराबर हैं।

नेताओं ने कहा कि 50 वर्ष की आयु के बाद शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक दबाव के कारण चालकों को काम करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में अन्य कैटेगरी की तर्ज पर चालकों को भी समय पर प्रमोशन दिलाने, जोखिम भत्ता लागू करवाने और वेतनमान में संशोधन की मांग को लेकर संघ का गठन किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चालक संघ सांझा मोर्चा के साथ मिलकर इन मांगों को पूरा करवाने के लिए संघर्ष करेगा।

इस अवसर पर चालक चमन लाल, सतपाल, गौरीशंकर, हरफूल, विजय, यादवेंद्र, रोहताश तथा परिचालक सुरेंद्र, अमरजीत, जगबीर, हुसैन सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।