हरियाणा सरकार का समाधान शिविर: हर सोमवार-वीरवार सुलझेंगी परेशानी, सिरसा में मौके पर हुआ निपटारा
सिरसा, 12 मार्च। हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार व वीरवार को जिला व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविरों का आयोजन किया जाता है। वीरवार को उपमंडल कार्यालय डबवाली में एसडीएम अर्पित संगल, उपमंडल कार्यालय कालांवाली में एसडीएम मोहित कुमार तथा जिला लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला परिषद के सीईओ डा. सुभाष चंद्र ने नागरिकों की समस्याओं पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उपमंडल स्तर पर भी समाधान शिविरों का आयोजन किया गया। जिला में आयोजित समाधान शिविरों में कुल छह शिकायतें आई।
एसडीएम अर्पित संगल ने बताया कि समाधान शिविर आमजन की शिकायत निवारण का एक सशक्त माध्यम है। नागरिक प्रत्येक सोमवार व वीरवार को प्रातः 10 से 12 बजे तक जिला व उपमंडल स्तर पर आयोजित अपनी समस्याओं का समाधान करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों की नियमित तौर पर उच्च अधिकारियों द्वारा मॉनिटरिंग भी की जाती है।