SCERT राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सिरसा के छात्रों का जलवा, गुंजन और स्नेहा-प्रेरणा ने जीता पहला स्थान
सिरसा: राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) गुरुग्राम द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताओं के नतीजे घोषित कर दिए हैं। इन नतीजों में सिरसा जिले के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कई पहला और दूसरा स्थान हासिल किया है।
डाइट डिंग (सिरसा) के डीआरयू विंग प्रभारी डॉ. अनिल चावला और सह-प्रभारी डॉ. अनिल बिश्नोई ने बताया कि 9वीं से 12वीं कक्षा वर्ग की स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता में रानियां के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्रा गुंजन ने पूरे राज्य में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, डिबेट (वाद-विवाद) प्रतियोगिता में रूपवास के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं प्रेरणा और स्नेहा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर रही।
इसके अलावा, कार्टून मेकिंग प्रतियोगिता में कागदाना के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्रा अनीशा ने तीसरा स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी और डाइट डिंग की प्राचार्या डॉ. विजय लक्ष्मी ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चों ने अपनी मेहनत और लगन से राज्य स्तर पर जिले का गौरव बढ़ाया है, जो पूरे शिक्षक और विद्यालय परिवार के लिए बड़े गर्व की बात है।
डाइट डिंग के प्रभारी सुरेंद्र सिंह नूनिया ने भी इस बड़ी सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि ऐसी शानदार जीत अन्य छात्रों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बनती है। उन्होंने शिक्षकों की मेहनत की तारीफ करते हुए कहा कि उनके सही मार्गदर्शन के बिना यह मुकाम हासिल करना संभव नहीं था।
मिली जानकारी के अनुसार, इन प्रतियोगिताओं के लिए जिला स्तर पर गठित निर्णायक मंडल ने बच्चों की प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाई। इस मंडल में डॉ. सोम प्रकाश ठकराल, डॉ. दलीप सिंह गोदारा, वरुण बजाज, डॉ. अनिल बिश्नोई, डॉ. सुदीप सानिवाल, नीरज लाल, तृप्ता, सोनिया, राजेंद्र प्रसाद गोदारा, रामजी लाल और पवन कुमार जैसे अनुभवी शिक्षक शामिल रहे।