सिरसा में अब घर बैठे अपडेट होंगे वोटर कार्ड, बदलवा सकते है पुरानी फोटो
सिरसा। सिरसा विधानसभा क्षेत्र (संख्या 45) में मतदाता सूची को पूरी तरह सही और पारदर्शी बनाने के लिए चुनाव आयोग ने बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक सभी 216 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर वोटरों का रिकॉर्ड चेक करेंगे। निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम राजेंद्र कुमार ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि इस दौरान नए वोट बनाने के साथ-साथ पुरानी गलतियों और धुंधली फोटो को भी सुधारा जाएगा।
घर-घर आएंगे BLO
इस विशेष डोर-टू-डोर अभियान के दौरान बीएलओ घर पर आकर एक एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाएंगे। इस चरण में सबसे खास बात यह है कि किसी भी परिवार से कोई कागजी दस्तावेज नहीं मांगा जाएगा। परिवार का कोई भी जिम्मेदार सदस्य पूरे परिवार की सही जानकारी बीएलओ को दे सकता है। एसडीएम ने आमजन से अपील की है कि वे बीएलओ के घर आने पर उन्हें एकदम सही और सटीक जानकारी दें।
वोटर लिस्ट में अपडेट होगी नई फोटो, मिलेगा QR कोड वाला फॉर्म
चुनाव आयोग ने इस बार नया संशोधित फॉर्म लागू किया है, जिसमें क्यूआर (QR) कोड की सुविधा दी गई है। जिन लोगों की वोटर लिस्ट में पुरानी फोटो धुंधली हो गई है या नाम-पते में कोई गलती है, वे इस दौरान अपनी नई फोटो देकर रिकॉर्ड ठीक करवा सकते हैं। इससे वोटरों का वर्तमान और साफ रिकॉर्ड चुनाव आयोग के पास जमा हो जाएगा।
1 जुलाई को 18 साल के हो रहे युवाओं का घर बैठे बनेगा वोट
इस अभियान का बड़ा फायदा उन युवाओं को मिलेगा जिनकी उम्र 1 जुलाई 2026 तक 18 साल पूरी हो रही है। घर-घर वेरिफिकेशन के दौरान बीएलओ अपने साथ 'फॉर्म-6' लेकर चलेंगे। ऐसे में नए वोटर बनने के इच्छुक नागरिकों को कहीं धक्के खाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, उनका रजिस्ट्रेशन मौके पर ही फॉर्म भरकर किया जा सकेगा।
सिरसा में 2 लाख से ज्यादा वोटर, 216 मतदान केंद्र
एसडीएम के मुताबिक, सिरसा विधानसभा में कुल 2,34,130 मतदाता हैं। इनमें से 1 लाख 39 हजार 193 वोटरों की मैपिंग पूरी हो चुकी है, जबकि 94 हजार 937 का वेरिफिकेशन अभी जारी है। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए 216 मतदान केंद्र (141 शहरी और 75 ग्रामीण) और 86 लोकेशन बनाई गई हैं। इस पूरी प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए 23 सुपरवाइजर भी तैनात किए गए हैं।
वोटर लिस्ट अभियान से जुड़ी अहम तारीखें
- 15 जून से 14 जुलाई 2026: बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर फॉर्म भरना और सत्यापन।
- 21 जुलाई 2026: ड्राफ्ट (कच्ची) मतदाता सूची का प्रकाशन।
- 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026: इस सूची पर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का समय।
- 22 सितंबर 2026: अंतिम (फाइनल) मतदाता सूची का प्रकाशन।