सिरसा के वार्ड 19 में 14 दिन से आ रहा सीवरेज मिला काला पानी, गुस्साए लोगों ने दी धरने की चेतावनी
सिरसा: शहर के वार्ड नंबर 19 स्थित धोबियान मोहल्ला में पिछले करीब दो हफ्तों से सीवरेज मिला बदबूदार पानी सप्लाई हो रहा है। पुराने विवेकानंद स्कूल के पास रहने वाले लोग इस दूषित पानी से बेहद परेशान हैं। अधिकारियों और वार्ड पार्षद से बार-बार शिकायत के बाद भी कोई समाधान न होने पर अब मोहल्ले के लोगों ने धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि उनके घरों के नलों में आने वाले पानी का रंग बिल्कुल काला है और इसमें से बहुत तेज बदबू आ रही है। यह पानी पीने या किसी भी घरेलू काम में इस्तेमाल करने लायक नहीं बचा है। इस दूषित पानी की वजह से पूरे इलाके में उल्टी, दस्त और अन्य गंभीर बीमारियां फैलने का बड़ा खतरा बन गया है।
स्थानीय निवासी सुमन मित्तल, बलविंदर, संजय, सचिन और साहिल समेत कई अन्य लोगों ने बताया कि वे इस समस्या को लेकर कई बार जनस्वास्थ्य विभाग के चक्कर काट चुके हैं। अपने वार्ड पार्षद को भी पूरी स्थिति बता चुके हैं, लेकिन 14 दिन बीत जाने के बाद भी किसी अधिकारी ने समस्या की सुध नहीं ली। प्रशासन की इस लापरवाही से लोगों में भारी रोष है।
गुस्साए लोगों ने विभाग को साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर पाइपलाइन की लीकेज को तुरंत समाधान नहीं किया गया, तो वे मजबूर होकर सड़कों पर उतरेंगे। लोगों की मांग है कि सीवरेज और पीने के पानी की लाइन के मिक्स होने की जल्द जांच की जाए ताकि मोहल्ले को दोबारा साफ पानी मिल सके।