Sirsa News: रोहतक से 5 दिन में सिरसा नहीं पहुंचा ट्रक', बूंद-बूंद पानी को तरसे लोग, सड़क जाम की दी चेतावनी

झंडी वाली गली में पीने के पानी के लिए हाहाकार, ठेकेदार की लापरवाही से 5 दिन से खुदी पड़ी है सड़क।
 
 
Sirsa News: सिरसा शहर के वार्ड नंबर 9 स्थित झंडी वाली गली (गली नंबर 5) के निवासी पिछले पांच दिन से पानी की एक-एक बूंद को मोहताज हैं। जनस्वास्थ्य विभाग (पब्लिक हेल्थ) के ठेकेदार ने पाइपलाइन बदलने के नाम पर पूरी गली खोद डाली, लेकिन पुरानी लाइन काटने के बाद नई लाइन को जोड़ने का काम बीच में ही छोड़ दिया गया है। 

हालात यह हैं कि 10-15 घरों के लोगों को पीने, नहाने और शौच जाने तक के लिए पानी नहीं मिल रहा है। इस भीषण गर्मी में लोग पड़ोस की गलियों से बाल्टियां भरकर पानी लाने को मजबूर हैं। गली में गहरे गड्ढे होने के कारण छोटे बच्चों और बुजुर्गों के गिरने का खतरा बना हुआ है, जबकि विभाग के अधिकारियों ने लोगों की सुविधा के लिए एक भी पानी का टैंकर मौके पर नहीं भेजा है।

ठेकेदार का बेतुका बहाना- 'रोहतक से आ रहा है ट्रक'

पाइपलाइन का जोड़ (जॉइंट) लगाने में हो रही देरी को लेकर ठेकेदार ने वार्ड वासियों और पार्षद को ऐसा बेतुका बहाना दिया है, जो किसी के गले नहीं उतर रहा। ठेकेदार का कहना है कि पाइप जोड़ने का सामान रोहतक से एक ट्रक में आ रहा है, जिसे चले हुए पांच दिन बीत चुके हैं। 

इस मामले पर ठेकेदार ने जानकारी देते हुए बताया कि उनका ट्रक भावदीन टोल प्लाजा पर पहुंच चुका है, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी वह खैरपुर तक नहीं पहुंचा। स्थानीय निवासी सुंदर दास और अन्य महिलाओं ने रोष जताते हुए कहा कि जिस पाइप के जॉइंट का सामान सिरसा के बाजार में आसानी से मिल जाना चाहिए था, उसके लिए विभाग का ठेकेदार रोहतक का बहाना बनाकर आम जनता को प्रताड़ित कर रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंचे वार्ड पार्षद ने भी जनस्वास्थ्य विभाग और ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर कड़ा तंज कसा। पार्षद ने कहा कि उन्होंने अपने स्तर पर गली का टेंडर पास करवाकर पुरानी टाइलें उखड़वाईं और मिन्नतें करके पब्लिक हेल्थ से नई पाइपें मंगवाई थीं। लेकिन जब ठेकेदार से जॉइंट लगाने को कहा गया तो उसने रोहतक से ट्रक आने की बात कह दी। 

पार्षद ने ठेकेदार से पूछा कि क्या वह रोहतक इसी हरियाणा में है या किसी दूसरे देश में, जहां से सिरसा पहुंचने में पांच दिन लग रहे हैं। पार्षद ने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि ट्रक ड्राइवर रास्ते में अपनी ससुराल या हिसार में ताऊ के घर रुककर रिश्तेदारी निभा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि विभाग को ऐसे ही काम करना था तो वार्ड में पाइपें डालने की कोई जरूरत नहीं थी।

पानी नहीं मिला तो सड़क जाम और दफ्तर का घेराव

लगातार पांच दिन से बिना पानी गुजारा कर रहे वार्ड वासियों के सब्र का बांध अब टूट चुका है। महिलाओं का कहना है कि वे कपड़े धोने और नहाने तो दूर, एक-एक घूंट पानी पीकर गला गीला कर रही हैं। वार्डवासियों और पार्षद ने प्रशासन को खुला अल्टीमेटम दिया है कि यदि आज शाम तक पाइपलाइन को जोड़कर पानी की सप्लाई बहाल नहीं की गई, तो कल सुबह लोग मुख्य सड़क पर जाम लगा देंगे। उन्होंने चेतावनी दी है कि वे जनस्वास्थ्य विभाग के दफ्तर का घेराव करेंगे और इसके लिए पुलिस यदि उन पर मुकदमे भी दर्ज करती है, तो वे अपना हक लेने के लिए हर कार्रवाई का सामना करने को पूरी तरह से तैयार हैं।