सिरसा के सुभाष चौक पर कुरुक्षेत्र में सांसद दीपेंद्र हुड्डा के साथ बर्बरता के विरोध में यूथ कांग्रेस ने फूंका सीएम का पुतला

 

सिरसा। कुरुक्षेत्र में कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा सहित समर्थकों के साथ की गई बर्बरता के विरोध में रविवार की दोपहर को सुभाष चौक पर यूथ कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का पुतला फूंका गया। इस मौके पर नवदीप कंबोज ने कहा कि नीट सहित अन्य परीक्षाओं के रद्द होने व महंगाई सहित अनेक मुद्दों को लेकर सांसद दीपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में कुरुक्षेत्र में शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया जा रहा था। 

उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान सरकार के इशारे पर पुलिस की ओर से सांसद दीपेंद्र हुड्डा सहित तमाम कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछारें की गई। उनपर लाठियां बरसाई गई, जोकि किसी सूरत में बर्दाश्त योग्य नहीं है। कंबोज ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी आवाज उठाने का हक सभी को है, लेकिन इस तानाशाही सरकार के कार्यकाल में जो भी सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे लाठियां ही मिली हैं। 

उन्होंने कहा कि सरकार लठतंत्र से आवाम की आवाज को दबा नहीं सकती। ये तो अभी चिंगारी है, यही चिंगारी एक दिन शोला बनकर सरकार के तंत्र को ध्वस्त करने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि आज का यूथ जागरूक हो चुका है और सरकार की सभी शातिर चालों को भली भांति समझ चुका है। 

इस मौके पर सभी कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। इस मौके पर युवा कांग्रेस नेता पंकज खारिया, कपिल सरावगी, कमल कांतिवाल, मंदिर मद्रासी, अध्यक्ष सचिन बांदर, कुलदीप लावा ब्लॉक अध्यक्ष रानियां, शिव गोदारा अध्यक्ष सीएमके कॉलेज, मोहित कम्बोज बणी ब्लॉक अध्यक्ष सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।