सिरसा के विनोद गोदारा का कमाल, ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज योगासना चैंपियनशिप में स्वर्ण जीत बनाई 'हैट्रिक'
हरियाणा/सिरसा: हरियाणा के सिरसा जिले के रहने वाले विनोद गोदारा ने चंडीगढ़ में अपनी योग प्रतिभा का ऐसा हुनर दिखाया कि पूरा प्रदेश उन पर गर्व कर रहा है। चंडीगढ़ के सेक्टर-23 स्थित टेबल टेनिस हॉल में चल रही ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज योगासना चैंपियनशिप (महिला-पुरुष) में विनोद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरी बार स्वर्ण पदक जीता है और अपनी ऐतिहासिक हैट्रिक पूरी कर ली है। उनकी इस बड़ी जीत ने न केवल सिरसा बल्कि पूरे हरियाणा का नाम राष्ट्रीय स्तर पर चमका दिया है।
विनोद गोदारा वर्तमान में सिरसा जिले के गांव ताजिया खेड़ा के राजकीय माध्यमिक विद्यालय (जीएमएस) में बतौर डीपीई अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ड्यूटी के साथ-साथ खेल के प्रति उनका यह समर्पण पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
बरसों की कड़ी मेहनत और तपस्या का मिला फल
स्वर्ण पदक जीतने के बाद अपनी खुशी जाहिर करते हुए विनोद गोदारा ने कहा कि उनकी यह सफलता किसी एक दिन की मेहनत का फल नहीं, बल्कि उनकी बरसों की निरंतर तपस्या का परिणाम है। उनका योग के प्रति यह लगाव आज का नहीं है, बल्कि पढाई के साथ-साथ उन्होंने खुद को इसके लिए समर्पित कर दिया था।
अपने कॉलेज के दिनों में भी उन्होंने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी योग चैंपियनशिप में चैंपियन का खिताब अपने नाम कर अपनी प्रतिभा की झलक दिखा दी थी। कॉलेज टाइम दिनों से शुरू हुआ जीत का यह सिलसिला आज नौकरी के दौरान भी पूरे जोश के साथ जारी है।
युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत, अधिकारियों ने दी बधाई
हरियाणा को आमतौर पर कुश्ती, कबड्डी और मुक्केबाजी जैसे खेलों के लिए ज्यादा पहचाना जाता है, लेकिन विनोद गोदारा ने योग के जरिए राज्य की खेल परंपरा को एक नई और अलग ऊंचाई दी है। शिक्षा और खेल जगत से जुड़े लोग आज उन्हें लाखों युवाओं के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत मान रहे हैं। सही मायने में उन्होंने अपनी प्रतिभा के दम पर अपने शिक्षा विभाग और पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
विनोद गोदारा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि की खबर जैसे ही सिरसा पहुंची, शिक्षा विभाग के अधिकारियों में भी खुशी की लहर दौड़ गई। जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) सुनीता साईं, डीईईओ और खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) चोपटा ने उन्हें इस शानदार प्रदर्शन के लिए विशेष तौर पर बधाई दी है।
इसके साथ ही अधिकारियों ने जिले के अन्य अध्यापकों और युवाओं से भी अपील की है कि वे विनोद गोदारा की इस लगन और कड़ी मेहनत से प्रेरणा लें। विभाग का मानना है कि शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक मजबूती के लिए योग आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है।