https://www.choptaplus.in/

पानी की डिग्गी में डूबने से चचेरे भाई-बहन की मौत, 5 बहनों के बीच इकलौता भाई था मृतक

 
पंजाब के अबोहर में डिग्गी हादसा, 6 और 8 साल के मासूम की डूबने से मौत, पुलिस कर रही जांच

पंजाब के फाजिल्का जिले के अबोहर उपमंडल के गांव मौजगढ़ में पानी की डिग्गी में डूबने से दो चचेरे भाई-बहन की मौत हो गई। 6 वर्षीय सिद्धांत और उसकी 8 वर्षीय चचेरी बहन लवप्रीत शनिवार सुबह घर से खेलने निकले थे और देर रात तक वापस नहीं लौटे। रात भर चली तलाश के बाद रविवार सुबह तक दोनों के शव डिग्गी से बरामद किए गए।

सुबह खेलने निकले, वापस नहीं लौटे

गांव मौजगढ़ के रहने वाले दीपक और रंजीत दोनों सगे भाई हैं और खेतीबाड़ी का काम करते हैं। शनिवार सुबह करीब 11 बजे दीपक का 6 वर्षीय बेटा सिद्धांत और रंजीत की 8 वर्षीय बेटी लवप्रीत घर के बाहर खेल रहे थे। खेलते-खेलते दोनों बच्चे आबादी से दूर निकल गए और किसी को पता नहीं चला।

दोपहर तक जब बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। शाम तक जब बच्चों का कोई पता नहीं चला तो पूरे गांव के लोग लाठी और टॉर्च लेकर तलाश में जुट गए। आसपास के खेतों, ढाणियों और नजदीकी गांवों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

रात 2 बजे डिग्गी में मिला पहला शव

ग्रामीणों को रात करीब 2 बजे एक बड़ा झटका लगा, जब गांव से काफी दूर जाखड़ की टॉफी फैक्ट्री के पास बनी पानी की डिग्गी में लवप्रीत का शव तैरता हुआ मिला। इसके बाद लोगों ने उसी डिग्गी में सिद्धांत की तलाश शुरू की। सुबह करीब 5 बजे लगातार खोजबीन के बाद सिद्धांत का शव भी बरामद किया जा सका।

पांच बहनों के बीच इकलौता भाई

दीपक के एक बेटा और एक बेटी थी, जबकि रंजीत की चार बेटियां थीं। मृतक सिद्धांत पांच बहनों के बीच परिवार का इकलौता बेटा था। दोनों बच्चों की मौत का दुखद समाचार सुनते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पीड़ित परिवाल का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही थाना खुईयां सरवर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है कि बच्चे खेल-खेल में डिग्गी तक कैसे पहुंचे और यह हादसा कैसे हुआ।
 

Rajasthan