तीन हफ्ते से रिपोर्ट का इंतजार, एक्सईएन के तबादले के आदेश, अनिल विज ने अधिकारियों को लगाई फटकार; बोले- अनिल विज नाम है मेरा
अंबाला। लोगों की शिकायतों पर कार्रवाई ना करने या देरी को लेकर हरियाणा के ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज ने बिजली विभाग के अधिकारियों को जबरदस्त फटकार लगाई। अंबाला में जन सुनवाई के दौरान जग्गी सिटी सेंटर से जुड़ा बिजली कनेक्शन का मामला सामने आया। शिकायत पर तीन सप्ताह बीतने के बाद भी वेरीफिकेशन रिपोर्ट नहीं आई थी। इस पर विज ने अधिकारियों से जवाब मांगा। मामले में लापरवाही को लेकर अंबाला शहर के एक्सईएन हरीश गोयल के तबादले के आदेश भी जारी किए गए।
वीरवार को अंबाला छावनी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जन सुनवाई के दौरान अनिल विज ने करीब चार घंटे तक लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बिजली विभाग के अलावा स्कूल में दाखिले, साइबर ठगी और शहर में अधूरे पड़े विकास कार्यों की शिकायतें भी पहुंचीं। विज ने संबंधित सभी अधिकारियों को मामलों की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बिजली कनेक्शन के प्रयोग पर उठे सवाल
जग्गी सिटी सेंटर में बिजली कनेक्शन के प्रयोग को लेकर शिकायत की गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि एलटी बिजली कनेक्शन का इस्तेमाल तय काम के अलावा दूसरे कामों में भी किया जा रहा है। परिसर में ट्रैक्टर-ट्रालियों पर बने कियोस्क में एसी, फ्रिज और इंडक्शन जैसे उपकरण चलने की बात कही गई। झूले चलाने के लिए बिजली कनेक्शन दिए जाने पर भी सवाल उठाए गए।
इस मामले में तीन सप्ताह बाद भी निरीक्षण रिपोर्ट नहीं मिलने पर अनिल विज ने बिजली निगम के एसई से जवाब मांगा। उन्होंने पूछा कि आखिर रिपोर्ट अब तक क्यों नहीं आई। इसके बाद उन्होंने संबंधित इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर से फोन पर बात की और कार्रवाई में देरी पर नाराजगी जताई।
अधिकारियों की देरी पर मंत्री ने दिखाई सख्ती
फोन पर बातचीत के दौरान अनिल विज ने साफ कहा कि जब शिकायत पर कार्रवाई की जानकारी मांगी जा रही है, तो अधिकारियों के पास उसका जवाब क्यों नहीं है। उन्होंने लापरवाही को लेकर सख्त रुख अपनाया।
इसके बाद संबंधित अधिकारी चंडीगढ़ से अंबाला पहुंचे और अपना पक्ष रखा। मामले में कार्रवाई में देरी को लेकर अंबाला शहर के एक्सईएन हरीश गोयल के तबादले के आदेश जारी किए गए।
विज ने जनसुनवाई में अधिकारियों को यह संदेश दिया कि लोगों की शिकायतों को लंबे समय तक लटकाकर नहीं रखा जाना चाहिए। शिकायत मिलने के बाद उसकी जांच और कार्रवाई की जानकारी भी समय पर दी जानी चाहिए।
स्कूल में दाखिले की शिकायत पर जांच के आदेश
जनसुनवाई में गांव बाड़ा स्थित ब्राइड पब्लिक स्कूल का मामला भी पहुंचा। सुंदर नगर की एक महिला ने शिकायत दी कि स्कूल को आठवीं कक्षा तक मान्यता होने के बावजूद दसवीं कक्षा में बच्चों को दाखिला दिया जा रहा है।
शिकायत पर अनिल विज ने एसडीएम को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
दो लोगों ने बताई लाखों रुपये की साइबर ठगी
अंबाला शहर के एक व्यक्ति ने करीब 9 लाख रुपये की साइबर ठगी होने की शिकायत दी। वहीं, छावनी के मिलाप नगर निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसके बैंक खाते से 3.40 लाख रुपये से ज्यादा की रकम निकल गई।
दोनों मामलों में विज ने पुलिस अधिकारियों को जांच करने और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पति की मौत पर महिला ने जताई हत्या की आशंका
बोह गांव की एक महिला ने अपने पति की मौत के मामले में कार्रवाई नहीं होने की शिकायत दी। महिला के मुताबिक, उसके पति का शव कुछ समय पहले गांव के मैदान में झाड़ियों के बीच मिला था। उसने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस की जांच पर सवाल उठाए।
महिला की शिकायत सुनने के बाद अनिल विज ने संबंधित अधिकारियों को मामले की दोबारा जांच करने के निर्देश दिए।
अधूरे विकास कार्यों पर नगर परिषद से मांगा जवाब
वार्ड नंबर 27 में विकास कार्य नहीं होने की शिकायत पर भी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों को संबंधित ठेकेदार को नोटिस देने और नियमों के अनुसार कार्रवाई करने को कहा। काम पूरा नहीं होने पर दोबारा टेंडर कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही नगर परिषद से विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट मांगी।
छावनी की पार्किंग में लिफ्ट लगाने का काम देर से होने पर भी संबंधित अधिकारी को फटकार लगाई गई।
बिजली और निर्माण से जुड़ी शिकायतें भी पहुंचीं
जनसुनवाई में साहा के औद्योगिक क्षेत्र में बिजली के टावर लगाने के मामले में भी शिकायत दी गई। विज ने अधिकारियों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने और जरूरत के अनुसार दूसरी जगह तलाशने को कहा।
रामपुर, सरसेहड़ी, चंद्रपुरी और सुंदर नगर में बिजली आपूर्ति, ट्रांसफार्मर लगाने और बिजली का लोड बढ़ाने से जुड़ी समस्याएं भी रखी गईं। इसके अलावा आर्य नगर में बिना अनुमति निर्माण और पटेल नगर में चोरी के मामले में भी संबंधित विभागों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान एसडीएम कनिका गोयल, नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर, उपाध्यक्ष ललता प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

