https://www.choptaplus.in/

अनोखी परम्परा: 100 साल से हर वर्ष पुलिस थाना पहुंचकर थोड़ी देर विश्राम करते हैं देवता अजयपाल

 
100 साल से हर वर्ष पुलिस थाना पहुंचकर थोड़ी देर विश्राम करते हैं देवता अजयपाल

Choptanews 25 अक्तूबर। हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू के मुख्यालय ढालपुर मैदान में दशहरा उत्सव के चलते सैकड़ों देवी देवता अपने-अपने शिविर में विराजमान है। इस दौरान देवी देवताओं के द्वारा भव्य देव मिलन भी किया जा रहा है और भक्तों के कष्ट का भी निवारण किया जा रहा है। इसके अलावा दशकों पुरानी परंपराओं का आज भी देवी देवताओं के द्वारा निर्वाह किया जा रहा है।

इसी कड़ी में देवता अजय पाल अपने हरियानो के साथ ढोल नगाड़ों की थाप पर पुलिस थाना कुल्लू पहुंचे। इस दौरान देवता के द्वारा पुलिस थाना पहुंचकर पुरानी परंपरा का निर्वाह किया गया। थोड़ी देर विश्राम करने के बाद देवता अजय पाल वापस अपने देवालय लौट आए। ऐसे में लोगों के बीच यह भी चर्चा चल रही कि आखिर देवता पुलिस थाना क्यों पहुंचे

100 साल से हर वर्ष पुलिस थाना पहुंचकर थोड़ी देर विश्राम करते हैं देवता अजयपाल

देवता अजय पाल के पुजारी नूप राम ने बताया कि देवता अजयपाल को भगवान विष्णु का अवतार माना जाता है। मान्यता है कि देवता अजय पाल सूखे और अकाल से निजात दिलाते हैं। इसलिए दशकों से चली आ रही परंपरा का निर्वहन करते हुए रविवार को देवता अपने देवलुओं के साथ थाना परिसर पहुंचे और वहां थोड़ी देर विश्राम करने के बाद भगवान रघुनाथ से मिलने के लिए रवाना हो गए।

देवता अजय पाल के पुजारी नूप राम ने बताया कि यह बात करीब 100 साल पहले की है। जब अंग्रेजों के जमाने में देवता का एक कटियाला (भक्त) खांपू नाम का व्यक्ति हुआ करता था। जो देवता के भंडार के लिए ग्रामीण इलाकों से अनाज जमा करता था। खांपू के द्वारा उस दौरान किसी व्यक्ति की जमानत दी गई थी। लेकिन, वह व्यक्ति पुलिस के पास पेश नहीं हुआ। ऐसे में पुलिस के द्वारा खांपू को गिरफ्तार किया गया। जब पुलिस उसे गिरफ्तार कर ला रही थी तो उसके हाथ में बंधी हुई एक हथकड़ी पहले टूट गई।

जब वह कुल्लू पुलिस थाने में पहुंचा तो उस दौरान उसकी दूसरी बेड़ी भी टूट गई। तभी साथ चल रहे पुलिस वाले ने उससे पूछा कि खांपू तेरे पीछे कौन चल रहा है। लेकिन खांपू को पीछे कुछ भी दिखाई नहीं दिया। खांपू ने कहा कि उसके पीछे कोई नहीं चल रहा है. जबकि साथ चल रहे पुलिस वालों को उसके पीछे एक व्यक्ति लगातार चलता हुआ दिखाई दे रहा था। जो कि स्वयं देवता  अजयपाल थे।

100 साल से हर वर्ष पुलिस थाना पहुंचकर थोड़ी देर विश्राम करते हैं देवता अजयपाल

देवता के पुजारी ने बताया कि जब दूसरी बेड़ी भी अपने आप टूट गई तो पुलिस वालों ने भी इसे चमत्कार माना और खांपू को छोड़ दिया। वहीं, जब खांपू वापस लौट रहा था तो उसे वही व्यक्ति मिला। जिसकी उसने जमानत ली थी और उसके चक्कर में उसे पुलिस वाले पकड़ कर ले गए थे। ऐसे में खांपू ने उस व्यक्ति को पुलिस के हवाले किया और पुलिस वालों ने भी इस देवता का चमत्कार माना। देवता अपने भक्त खांपू के लिए उस दौरान कुल्लू थाना पहुंचे थे और वहां पर उन्होंने थोड़ी देर विश्राम किया था।  उसी परंपरा का आज भी पालन किया जा रहा है।यही वजह है कि हर साल देवता कुल्लू थाना परिसर में थोड़ी देर विश्राम के लिए अवश्य पहुंचते हैं

गौर रहे कि देवता अजय पाल कांगड़ा जिले के बीड़ भंगाल से अपनी पत्नी के साथ कुल्लू आए थे। उन्होंने एक दिन कुल्लू के काइस धार में गुजारा लेकिन उन्हें यह स्थान उचित नहीं लगा। उसके बाद देवता अपनी पत्नी के साथ पीज पहुंचे और पीज से वह बागन गांव में बैठे। उस दौरान पूरे इलाके में सूखा पड़ा हुआ था और लोग भी काफी परेशान थे। देवता के वहां आने के बाद खूब बारिश हुई और लोगों की फसल भी काफी अच्छी हुई। उसके बाद देवता का यहां पर मंदिर बनाया गया।

Rajasthan