https://www.choptaplus.in/

बेकाबू कार से 5 लोगों को कुचला, एक की मौके पर मौत

 
बेकाबू कार से 5 लोगों को कुचला, एक की मौके पर मौत

पंजाब के लुधियाना में गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार वरना कार ने जमकर कहर बरपाया। ईस्सा नगरी पुली इलाके में सुबह करीब 8:15 बजे बेकाबू कार ने सड़क पर जा रहे करीब पांच लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में स्कूटी सवार सब्जी विक्रेता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी। उसने पहले स्कूटी पर जा रहे सब्जी विक्रेता को टक्कर मारी और फिर उसे स्कूटी समेत काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई। इसके बाद कार कई अन्य लोगों को टक्कर मारती हुई आगे बढ़ गई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार सड़क पर लोगों को टक्कर मारते हुए दिखाई दे रही है।

मृतक की पहचान जगतार सिंह गोशा के रूप में हुई है। वह बूथगढ़ की ससराली कॉलोनी का रहने वाला था। स्थानीय लोगों के अनुसार, गोशा पिछले करीब 20 वर्षों से ईस्सा नगरी पुली इलाके में सब्जी बेचकर अपने परिवार का गुजारा कर रहा था।

हादसे में गंभीर चोटें लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अन्य घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शी रमेश बांगड़ के अनुसार, कार चला रहा युवक गाड़ी चलाना सीख रहा था। बाजार में लोगों की भीड़ देखकर वह घबरा गया और वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार ने सड़क पर मौजूद कई लोगों को टक्कर मार दी।

रमेश ने बताया कि सब्जी विक्रेता को टक्कर मारने के बाद कार उसे काफी दूर तक घसीटती चली गई। करीब 50 मीटर आगे जाकर कार सड़क किनारे खड़ी मां-बेटी की स्कूटी से टकरा गई। इसके बाद पास खड़ी दो अन्य स्कूटियों को भी टक्कर लगी और आखिरकार कार रुक गई।

हादसे में घायल अशोक कुमार ने बताया कि कार बेहद तेज रफ्तार में आ रही थी। सबसे पहले उसने सब्जी विक्रेता को टक्कर मारी और इसके बाद सड़क पर पैदल जा रहे उन्हें भी अपनी चपेट में ले लिया।

अशोक के मुताबिक, टक्कर लगने के बाद वह बेहोश हो गए थे। उनके सिर, उंगली और पीठ पर चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि उनके बच्चों ने उन्हें संभाला और अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया। कुछ लोगों ने गुस्से में उसके साथ मारपीट भी की। घटना की सूचना मिलने पर थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने आरोपी की पहचान तमनजोत सिंह के रूप में की है। उसकी उम्र करीब 20 से 22 वर्ष बताई जा रही है और वह फील्ड गंज का रहने वाला है। थाना डिवीजन नंबर-3 के एसएचओ गुरजीत सिंह ने बताया कि कार चालक तमनजोत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर घटना की पूरी परिस्थितियों को समझने का प्रयास किया जा रहा है।

Rajasthan