https://www.choptaplus.in/

PM Kisan : 24वीं किस्त में सिरसा जिला के किसानों के खातों में पहुंचे 21.08 करोड़ रुपये

 
PM Kisan : 24वीं किस्त में सिरसा जिला के किसानों के खातों में पहुंचे 21.08 करोड़ रुपये

सिरसा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीरवार को गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी की गई। इस कार्यक्रम का पूरे देश में वर्चुअल माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया, जिसके तहत कृषि विज्ञान केंद्र सिरसा में भी कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी जिला सिरसा के अध्यक्ष एडवोकेट यतीद्र सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

किसान सम्मान निधि योजना

उनके साथ कृषि विज्ञान केंद्र के Co-ordinator डॉ. देवेंद्र जाखड़, QCI अमित वर्मा, उपमंडल कृषि अधिकारी (SDO) जितेंद्र अहलावत तथा विषय विशेषज्ञ (SMS) डॉ. राकेश खूंट भी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसानों ने कार्यक्रम में भाग लेकर प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।

एडवोकेट यतीद्र सिंह ने प्रधानमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए किसान सम्मान निधि योजना की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आज देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसान परिवारों के खातों में 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे भेजकर प्रधानमंत्री ने सिद्ध कर दिया है कि मोदी सरकार की प्राथमिकता में देश का अन्नदाता सबसे ऊपर है। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि किसानों के सम्मान का प्रतीक है। फरवरी 2019 में शुरू हुई इस योजना में प्रत्येक पात्र किसान परिवार को हर वर्ष 6,000 रुपये बिना किसी बिचौलिये के, पूरी पारदर्शिता के साथ सीधे बैंक खाते में मिलना अपने आप में ऐतिहासिक बदलाव है।

रबी फसल की बिजाई के समय आई यह राशि बीज, खाद और अन्य जरूरतों के लिए किसानों का बड़ा सहारा बनेगी। जिला अध्यक्ष ने बताया कि सिरसा जिले में इस योजना के तहत 1,37,425 किसान पंजीकृत हैं। अब तक 23 किस्तों में सिरसा के किसानों के खातों में कुल 518 करोड़ 80 लाख रुपये सीधे भेजे जा चुके हैं, तथा आज की 24वीं किस्त में 21 करोड़ 8 लाख रुपये जिले के किसानों के खातों में पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने कृषि क्षेत्र में व्यापक बदलाव किए हैं।

मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, नीम कोटेड यूरिया, किसान क्रेडिट कार्ड, ई-नाम, एफपीओ, ड्रोन तकनीक और सूक्ष्म सिंचाई जैसी पहलों ने खेती को सुरक्षित और आधुनिक बनाया है, वहीं न्यूनतम समर्थन मूल्य में निरंतर बढ़ोतरी से किसानों की आय मजबूत हुई है। हरियाणा की भाजपा सरकार भी सभी फसलों की एमएसपी पर खरीद सुनिश्चित कर किसानों के हित में लगातार काम कर रही है।

अपने संबोधन में एडवोकेट यतीद्र सिंह ने उपस्थित किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने, फसल अवशेषों को जलाने की बजाय उनका उचित प्रबंधन करने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने भूमिगत जल स्तर को ऊंचा उठाने के लिए जल संरक्षण पर बल दिया तथा आय बढ़ाने के लिए पशुपालन को प्रोत्साहित करने की बात कही।

उन्होंने किसानों से अपनी कृषि भूमि का सॉयल हेल्थ कार्ड अवश्य बनवाने और उर्वरकों के अंधाधुंध प्रयोग को रोकने का संदेश दिया, ताकि भूमि की उर्वरा शक्ति बनी रहे। साथ ही उन्होंने अपील की कि जिन किसानों की ई-केवाईसी अभी पूरी नहीं हुई है, वे शीघ्र करवाएं, ताकि योजना का लाभ बिना रुकावट मिलता रहे।

Rajasthan