https://www.choptaplus.in/

गूगल मैप पर ट्रक ड्राइवर को भरोसा पड़ा भारी, मंजिल की जगह पहुंचा दिया नदी किनारे, हवा में लटका पहिया; टला बड़ा हादसा

 
गूगल मैप पर भरोसा पड़ा भारी: मंजिल की जगह नदी किनारे जा फंसा ट्रक, हवा में लटका पहिया

ऊना, 24 नवंबर। नेविगेशन के लिए गूगल मैप्स के निर्देशों पर आंख मूंदकर भरोसा करना एक ट्रक चालक को भारी पड़ गया। अंब से गगरेट की ओर जा रहा सामान से लदा एक ट्रक रास्ता भटककर स्वां नदी के किनारे बने बेहद संकरे वैकल्पिक मार्ग पर जा फंसा। रास्ता इतना तंग था कि ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और उसका एक पहिया नदी की तरफ झुककर हवा में लटक गया। इससे भारी वाहन के पलटने का खतरा पैदा हो गया, हालांकि गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक अंब से गगरेट की ओर जा रहा था। रास्ता तलाशने के लिए वह गूगल मैप्स का इस्तेमाल कर रहा था। इसी दौरान वह पुराने अंब रोड से होते हुए स्वां नदी के किनारे बने वैकल्पिक मार्ग पर पहुंच गया। ट्रक में सामान लदा होने के कारण चालक को रास्ते की चौड़ाई और भारी वाहन के लिए उसकी उपयुक्तता का अंदाजा नहीं लग पाया। जैसे ही ट्रक संकरे रास्ते पर आगे बढ़ा, उसका संतुलन बिगड़ गया और एक पहिया नदी की ओर झुक गया। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

हाइड्रा मशीन से निकाला ट्रक

ट्रक को सुरक्षित बाहर निकालना चुनौती बन गया। इसके लिए हाइड्रा मशीन बुलानी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद मशीन की मदद से ट्रक को सुरक्षित निकाला गया। इस दौरान रास्ते से गुजरने वाले अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी हुई और यातायात प्रभावित रहा।

कोई जानी नुकसान नहीं

राहत की बात रही कि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। ट्रक हटाए जाने के बाद मार्ग पर यातायात बहाल कर दिया गया। डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि ट्रक को हटाकर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करवा दी गई है। यह घटना वाहन चालकों के लिए सबक है कि नेविगेशन ऐप के निर्देशों पर निर्भर रहने के साथ सड़क की वास्तविक स्थिति, चौड़ाई और वाहन की क्षमता का भी ध्यान रखें। खासकर भारी वाहन लेकर अनजान और संकरे रास्तों पर जाने से पहले स्थानीय लोगों से रास्ते की जानकारी लेना जरूरी है।

Rajasthan