सिरसा वासियों को अब इलाज के लिए नहीं जाना पड़ेगा जयपुर-दिल्ली, मान हॉस्पिटल में मिलेंगी 'मिनी PGI' की सेवाएं
सिरसा। अब सिरसा जिलावासियों को उपचार के लिए बड़े सेंटरों जयपुर, दिल्ली जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। शहर के सुप्रसिद्ध मान हॉस्पिटल में अब चंडीगढ़ पीजीआई की तर्जपर मिनी पीजीआई के रूप में एक ही छत के नीचे सभी आधुनिक इमरजेंसी स्वास्थ्य सुविधाएं जिलावासियों को उपलब्ध करवाई जाएंगी। चंडीगढ़ पीजीआई के अनुभवी चिकित्सकों द्वारा मरीजों का आधुनिक तकनीक व मशीनों द्वारा उपचार किया जाएगा।
उक्त जानकारी मान हॉस्पिटल के संचालक डा. गुरकमल मान ने शनिवार को अस्पताल में मीडिया से रूबरू होते हुए दी। डा. मान ने बताया कि अक्सर देखा गया है कि रोड एक्सीडेंट, हॉट, न्यूरो से संबंधित गंभीर केसों में मरीजों को बाहर जयपुर, दिल्ली या बड़े सेंटरों पर ले जाना पड़ता है। इससे जहां मरीज की जान भी सांसत में रहती है, वहीं परिजनों को भी आर्थिक व मानसिक समस्याओं से जूझना पड़ता है। यही नहीं अगर मरीज समय पर पहुंच भी गया तो उसका जल्दी से नंबर नहीं आता, जिससे समस्या और भी गहरा जाती है। इसी समस्या को देखते हुए अस्पताल में चंडीगढ़ पीजीआई अस्पताल के अनुभवी चिकित्सकों की टीम द्वारा यहां आधुनिक मशीनों व नई तकनीक के साथ बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवाई जाएगी।
डा. मान ने बताया कि अस्पताल में न्यूरो सर्जरी, डर्मेटोलॉजी, जनरल सर्जरी सहित सभी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। वहीं आगामी माह में नेफरोलॉजी व कार्डियोलॉजी की सुविधाएं भी शुरू की जाएंगी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में सभी कैशलेस बीमा कंपनियों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। आयुष्मान की सेवाएं नहीं मिलेंगी। इस मौके पर डर्मेटोलॉजी चिकित्सक डा. दिव्या भाटिया ने बताया कि वर्तमान में चमड़ी से संबंधी अनेक रोग हैं, जिनका उपचार बड़े सेंटरों पर ही मिलता है, लेकिन अब चमड़ी से संबंधित रोगियों को बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अस्तपाल के प्रवक्ता बंसी ने बताया कि अस्पताल में डा. गुरकमल मान की सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी।
