Sirsa News: अवैध आदर्श कॉलोनी में हो रहा गैर कानूनी निर्माण, सीएम को शिकायत
सिरसा: शहर के बरनाला रोड स्थित वार्ड नंबर 3 की अवैध आदर्श कॉलोनी में बिना नक्शा पास करवाए अवैध निर्माण को लेकर कंगनपुर रोड स्थित भारत नगर निवासी सुरेंद्र कुमार ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को औपचारिक शिकायत भेजी है। सुरेंद्र कुमार ने सीएम से मांग की है कि इस कॉलोनी में चल रहे सभी अवैध निर्माणों को तुरंत बुलडोजर से ढहाया जाए और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए।
सुरेंद्र कुमार ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि आदर्श कॉलोनी के पीर मंदिर वाली गली में कई निर्माण कार्य बिना किसी कानूनी अनुमति के चल रहे हैं। इनमें कई रसूखदार लोग शामिल हैं, जो कानून को ताक पर रखकर निर्माण करा रहे हैं। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि वार्ड नंबर 3 के नगर पार्षद भी इन अवैध गतिविधियों पर आंखें मूंदे बैठे हैं और कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इन अवैध निर्माणों के चलते सरकारी राजस्व की भारी लूट खसोट हो रही है।


बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब सिरसा में अवैध कॉलोनियों का मुद्दा उठा हो। पिछले साल अगस्त में मुख्यमंत्री ने खुद सिरसा के दौरे के दौरान जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) की रिपोर्ट पर असंतोष जताया था। उस रिपोर्ट में बताया गया था कि पिछले तीन सालों में सिरसा में 32 अवैध कॉलोनियां पाई गईं, लेकिन इनमें से सिर्फ 9 एफआईआर दर्ज हुईं और वो भी बाद में रद्द हो गईं। इसके बाद सीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे कि वे किसी भी दबाव में न आएं और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई करें।
हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने भी अवैध कमर्शियल निर्माण को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए जांच के आदेश दिए हैं। शिकायतकर्ता सुरेंद्र कुमार का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के सख्त आदेशों के बावजूद सिरसा में अवैध निर्माण बेरोकटोक जारी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है कि बिना किसी देरी के आदर्श कॉलोनी में सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया जाए और दोषी लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। पिछले कुछ महीनों में सिरसा प्रशासन ने कई जगहों पर अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई भी की है, जिसमें हाथी पार्क के पास एक ट्रस्ट की अवैध झुग्गी को ढहाना भी शामिल है।
