एनीमिया मुक्त हरियाणा अभियान की समीक्षा, एसडीएम ने स्वास्थ्य जांच और आयरन-फोलिक एसिड वितरण तेज करने के दिए निर्देश
सिरसा, 25 अगस्त। एनीमिया मुक्त हरियाणा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एसडीएम राजेंद्र कुमार ने मंगलवार को एसडीएम कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्वास्थ्य जांच, आयरन एवं फोलिक एसिड की गोलियों के वितरण तथा जागरूकता गतिविधियों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
एसडीएम राजेंद्र कुमार ने कहा कि एनीमिया विशेषकर बच्चों, किशोरियों, महिलाओं तथा गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र लाभार्थियों तक स्वास्थ्य सुविधाओं और आवश्यक सेवाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों पर होगी स्वास्थ्य जांच
एसडीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों तथा अन्य निर्धारित स्थानों पर बच्चों एवं किशोरियों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जाए। एनीमिया के मामलों की समय पर पहचान कर आवश्यक उपचार और फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने आयरन एवं फोलिक एसिड की गोलियों के वितरण तथा इनके नियमित सेवन को लेकर लाभार्थियों को जागरूक करने पर भी जोर दिया।
विद्यार्थियों को पौष्टिक आहार के प्रति किया जाए जागरूक
बैठक में एसडीएम ने विद्यार्थियों को एनीमिया के कारण, बचाव और पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक स्वास्थ्य जांच और जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने को कहा।
उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, किशोरियों और महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक करने तथा अभियान से जुड़ी गतिविधियों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
अभिभावकों और शिक्षकों की भागीदारी पर जोर
एसडीएम राजेंद्र कुमार ने कहा कि एनीमिया मुक्त हरियाणा के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अभिभावकों, शिक्षकों और आमजन की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा कार्यों की नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एमओ डॉ. अपूर्वा, एएमओ डॉ. हनुमंत, डॉ. राहुल, डॉ. हुस्मी वर्मा, डॉ. ईशा शर्मा, जिला किशोरावस्था काउंसलर कमल कक्कड़, एविडेंस एक्शन से रीजनल कोऑर्डिनेटर रोहित कुमार, ब्लॉक आशा कोऑर्डिनेटर तथा सभी अर्बन मेडिकल ऑफिसर उपस्थित रहे।

