https://www.choptaplus.in/

चोपटा क्षेत्र में शिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब, कांवड़ियों ने रात 12 बजे से शुरू किया जलाभिषेक

 
Sawan Shivratri 2026 celebration in Chopta area - devotees offering jalabhishek at Shiva temples with Haridwar Ganga water

चोपटा प्लस न्यूज़ 11 अगस्त। सावन की शिवरात्रि के पावन पर्व पर मंगलवार को  चोपटा और आसपास के गांवों के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिरों में भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की जबरदस्त भीड़ रही। मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजता रहा।

हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने मध्यरात्रि के बाद करीब 12 बजे से ही भगवान शिव का जलाभिषेक शुरू कर दिया। कांवड़ियों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मंदिरों में पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ से सुख-समृद्धि की कामना की।

कागदाना, कुम्हारिया, गिगोरानी, जमाल के मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।  बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचे। चोपटा के शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और लोग घंटों कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए।

शिवरात्रि के चलते मंदिरों में विशेष सजावट की गई थी। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को दूध, दही, बेलपत्र, धतूरा और गंगाजल अर्पित कर पूजा की। कांवड़ियों के पहुंचने से मंदिरों में धार्मिक उत्साह और भी बढ़ गया। प्रमुख मंदिरों और मार्गों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी की गई।

Rajasthan