ज़मीन पर पसीना बहाने वाले बब्बर शेर कार्यकर्ताओं के दम पर चल रही कांग्रेस: संतोष बेनीवाल
ऐलनाबाद। कांग्रेस पार्टी दिल्ली से नहीं, बल्कि ज़मीन पर पसीना बहाने वाले बब्बर शेर कार्यकर्ताओं के दम पर चल रही है। 9 अगस्त को सिरसा में होंने वाला कांग्रेस सम्मेलन इतिहास लिखेगा, जिसमें आप सभी कार्यकर्ता मील का पत्थर साबित होंगे। उक्त विचार कांग्रेस जिला अध्यक्ष संतोष बेनीवाल ने रानियां स्थित ऋषभ पैलेस में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहे।
संतोष बेनीवाल का कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत भी किया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष संतोष बैनीवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विरोधी गुटों और नेताओं पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मैंने कभी किसी की बुराई या चाटुकारिता की राजनीति नहीं की, बल्कि हमेशा सच का साथ दिया है। मैंने कभी पदों की लालसा नहीं की, बल्कि संघर्ष की राजनीति चुनी है। जब किसान और मजदूर सड़कों पर बदहाल थे और उनका हाथ थामने वाला कोई नहीं था, तब हम उनके हकों के लिए कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे।

नेता अलग-अलग गुटों में भले ही बंट गए हों, लेकिन जनता और कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में कौन काम आया? मैं जिला अध्यक्ष बनते ही सीधे आप लोगों के बीच पहुँची थी और आज भी लगातार आपके हक की लड़ाई लड़ रही हूँ। मैं किसी को पीछे छोड़कर नहीं, बल्कि सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना चाहती हूँ।
संतोष बेनीवाल ने कहा कि कुछ नेताओं ने यह अफवाह फैलाने की कोशिश की कि सिरसा में कांग्रेस की जिला अध्यक्ष अकेली हैं। ऐसे बयान देने वालों को मेरी ताकत यानी मेरे कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर अपने काम से मुंहतोड़ जवाब देना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि आपसी मतभेदों को भुलाकर हमें एक होकर कांग्रेस का झंडा बुलंद करना होगा और जन-जन तक पार्टी की नीतियों को पहुँचाना होगा।
उन्होंने कहा कि 9 अगस्त को सिरसा में कांग्रेस भवन में कार्यकर्ता सम्मेलन होगा, जिसमें पूर्व सांसद विजेंद्र सिंह बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। इसमें आप सभी ने अधिक से अधिक संख्या में आना हैं और विचार सांझा करने हैं। कार्यकर्ताओं ने आश्वस्त किया कि यह सम्मलेन ऐतिहासिक साबित होगा।

