https://www.choptaplus.in/

डबवाली में भाखड़ा नहर टूटने से दर्जनों एकड़ फसल, फोन करते रहे लोग लेकिन नहीं पहुंचे अधिकारी

डबवाली के राजपुरा गांव में भाखड़ा नहर की मुख्य ब्रांच टूटने से दर्जनों एकड़ फसलें जलमग्न हो गई हैं। 25 फुट चौड़ी दरार से किसानों में भारी रोष है। पढ़ें पूरी खबर
 
डबवाली में भाखड़ा नहर टूटने से पानी में डूबी फसलें

सिरसा 16 मार्चः डबवाली उपमंडल के गांव राजपुरा क्षेत्र में काला तीतर पर्यटन केंद्र के निकट भाखड़ा नहर की मुख्य ब्रांच टूट गई है। नहर में करीब 20-25 फुट चौड़ी दरार आने से आसपास के दर्जनों एकड़ खेतों में कई फुट तक पानी भर गया है, जिससे फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका है। घटना के बाद राजपुरा और अबूबशहर क्षेत्र के किसानों में हड़कंप मच गया। सिंचाई विभाग की कथित लापरवाही के चलते किसानों को खुद ही मौके पर पहुंचकर राहत कार्य का मोर्चा संभालना पड़ा।

किसानों ने खुद किया बचाव, अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप

यह दरार सबसे पहले किसान तरसेम सिंह के खेत में पड़ी। सूचना मिलते ही भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मिट्टी व अन्य साधनों की मदद से नहर की दरार को भरने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद सिंचाई विभाग का कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। विभाग की कार्रवाई सिर्फ पीछे से पानी बंद करवाने तक ही सीमित रही। इस मामले में सिंचाई विभाग के एसडीओ सोनू कुमार और जेई रोहित से भी कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन कॉल रिसीव नहीं की।

जर्जर हो चुका है नहर का ढांचा, सफाई न होना बना बड़ा कारण

किसान नेता मिट्ठू कंबोज के मुताबिक, नहर की सफाई लंबे समय से नहीं हुई थी। नहर में जगह-जगह झाड़ियां उगी हुई हैं और पटड़ी की सफाई न होने से किनारे काफी कमजोर हो चुके थे। इसके अलावा चूहों व अन्य जानवरों द्वारा बनाए गए बिलों ने भी किनारों को खोखला कर दिया। ऊपर से पानी की मात्रा अधिक छोड़ दी गई, जिससे दबाव बढ़ा और दरार आ गई। बताया जाता है कि भाखड़ा नहर की इस मुख्य ब्रांच का निर्माण 1983-84 के आसपास हुआ था और अब इसका ढांचा काफी जर्जर हो चुका है। लंबे समय से उचित रखरखाव के अभाव में यह बड़ा हादसा हुआ।

Dabwali Bhakra Canal Breach

मुआवजे की मांग और विभाग का जवाब

खेतों में पानी भरने से भारी नुकसान का सामना कर रहे पीड़ित किसानों ने सरकार से तुरंत सर्वे (गिरदावरी) करवाकर खराब हुई फसलों का उचित मुआवजा देने की मांग की है।

उधर, सिंचाई विभाग सिरसा के एसई राजेश बिश्नोई ने बताया कि वह अदालती पेशी के सिलसिले में पंचकूला गए हुए हैं। उन्हें नहर में दरार की सूचना मिल गई है। उन्होंने एसडीओ और फील्ड स्टाफ को तुरंत मौके पर पहुंचकर नहर को दुरुस्त करने तथा पानी के प्रवाह को सुचारू करने के सख्त निर्देश दिए हैं। एसई बिश्नोई ने यह भी जानकारी दी कि नहर के पुराने ढांचे को देखते हुए इसके पुनर्निर्माण और लाइनिंग का प्रस्ताव विभाग द्वारा पहले ही विश्व बैंक को भेजा जा चुका है।
 

Rajasthan