चौपटाः गीगोरानी गौशाला में हुआ योग दिवस का प्रोटोकॉल अभ्यास
गीगोरानी। ब्लॉक नाथूसरी चोपटा क्षेत्र के गांव गीगोरानी में स्थित श्री कृष्ण प्रणामी गौशाला में शनिवार को ब्लॉक स्तरीय योग दिवस के पूर्व प्रोटोकॉल अभ्यास का आयोजन किया गया। यह अभ्यास अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत कराया गया, जिसमें ब्लॉक के योग नोडल अधिकारी, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर और सभी योग सहायक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान योग जागरण यात्रा भी निकाली गई।
ब्लॉक नाथूसरी चोपटा के योग नोडल अधिकारी डॉक्टर प्रमोद पाल ने कहा कि योग को नियमित दिनचर्या में शामिल करना शरीर को स्वस्थ रखने का सबसे सरल और प्रभावी तरीका है। उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद है।
योग अभ्यास के बाद बाहर से आई पूरी टीम ने गौशाला का भ्रमण किया। टीम ने गौशाला में किए गए सभी प्रबंधों और मैनेजमेंट की पूरी प्रशंसा की। प्रबंधन कमेटी को भली प्रकार से प्रबंध करने के लिए धन्यवाद व्यक्त किया गया। इस मौके पर सरपंच संदीप बैनीवाल, नंबरदार राम अवतार शर्मा, महेंद्र बेनीवाल, जयचंद बेनीवाल, संजय बेनीवाल, मदनलाल, पवन कुमार, महेंद्र वर्मा, वजीर बांदर, समस्त गौशाला प्रबंधन कमेटी, हैंडबॉल कोच देवेंद्र श्योराण और उनकी पूरी टीम सहित ग्रामीण मौजूद रहे।
यह भी पढेंः तिलहन स्कीम के तहत चोपटा के गांव कागदाना और माखोसरानी में मूंगफली बीज वितरण 15 जून को, किसान उठाएं लाभ
गौरतलब है कि देशभर में 21 जून 2026 को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। इसकी तैयारियां अभी से शुरू हो गई हैं। केंद्रीय आयुष मंत्रालय ने इस बार बहुभाषी आईडीवाई हैंडबुक जारी की है, जिसमें 21 क्षेत्रीय भाषाओं में कॉमन योग प्रोटोकॉल और अभ्यास सामग्री उपलब्ध कराई गई है。हरियाणा सरकार ने राज्य के जिला व ब्लॉक स्तर पर सामूहिक योग अभ्यास और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में गीगोरानी गौशाला में यह प्रोटोकॉल अभ्यास किया गया।
