हर घर-हर गृहिणी योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, 500 रुपये में मिलेगा गैस सिलेंडर
सिरसा, 4 नवंबर 2026। हरियाणा सरकार की ‘हर घर-हर गृहिणी’ योजना के तहत पात्र परिवारों को अब रसोई गैस सिलेंडर सिर्फ 500 रुपये में मिलेगा। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक हरवीर सिंह ने बताया कि योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। हरियाणा के सभी बीपीएल और अंत्योदय अन्न योजना (AAY) राशन कार्ड धारक परिवार इसका लाभ उठा सकते हैं।
सब्सिडी सीधे महिला मुखिया के खाते में
योजना के तहत लाभार्थी को सिलेंडर के पहले पूरे पैसे देने होंगे। 500 रुपये से अधिक की राशि सब्सिडी के रूप में पात्र लाभार्थी के परिवार की महिला मुखिया के बैंक खाते में डीबीटी के जरिए भेजी जाएगी। यानी सिलेंडर की प्रभावी कीमत 500 रुपये पड़ेगी। एक परिवार साल में अधिकतम 12 सिलेंडर तक इस लाभ का हकदार है।
आवेदन के लिए ये जानकारी जरूरी
पात्र परिवारों को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की वेबसाइट epds.haryanafood.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन करते समय लाभार्थियों को अपना एलपीजी आईडी नंबर, बैंक खाता नंबर, आईएफएससी कोड सहित अन्य जरूरी जानकारी सावधानीपूर्वक भरनी होगी, ताकि आवेदन में किसी तरह की परेशानी न आए।
फैमिली आईडी में मोबाइल नंबर होना चाहिए एक्टिव
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक ने बताया कि योजना में पंजीकरण के लिए लाभार्थी का अपनी फैमिली आईडी में दर्ज मोबाइल नंबर एक्टिव होना चाहिए। जिन लाभार्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने में परेशानी हो, वे अपने नजदीकी सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) पर जाकर भी पंजीकरण करवा सकते हैं ।
पात्रता की शर्तें
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक महिला का हरियाणा की मूल निवासी होना जरूरी है। परिवार के पास बीपीएल या अंत्योदय राशन कार्ड होना चाहिए और परिवार का वैध घरेलू एलपीजी कनेक्शन होना चाहिए। परिवार की सालाना आय 1.80 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए ।

