Sirsa Health Dept Strike: महिला आयोग अध्यक्ष रेणु भाटिया के विरोध में सिरसा नागरिक अस्पताल में 2 घंटे की हड़ताल
सिरसा। कुरुक्षेत्र सिविल अस्पताल के बहुचर्चित दुष्कर्म मामले में हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया की एक टिप्पणी के बाद पूरे प्रदेश के स्वास्थ्य महकमे में बवाल मच गया है। इसके विरोध में सिरसा जिला नागरिक अस्पताल सहित प्रदेश भर के स्वास्थ्य संस्थानों में नर्सिंग स्टाफ ने सुबह 10 से 12 बजे तक 'पेन डाउन' (कामकाज ठप) हड़ताल कर भारी रोष जताया। गुस्साए कर्मचारियों ने रेणु भाटिया पर अभद्र टिप्पणी का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक के नाम एक मांग पत्र भी भेजा है।
नर्सों पर मिलीभगत के आरोप
नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा के आह्वान पर यह दो घंटे की हड़ताल की गई। संगठन के जिलाध्यक्ष (नर्सिंग ऑफिसर) राजकुमार भारद्वाज ने बताया कि कुरुक्षेत्र अस्पताल में एक सरकारी डॉक्टर द्वारा किए गए जघन्य अपराध की जांच के दौरान महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया वहां पहुंची थीं। आरोप है कि उन्होंने वहां ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग ऑफिसर के साथ गलत व्यवहार किया और स्टाफ की बेटियों को लेकर बेहद आपत्तिजनक बातें कहीं। साथ ही रेणु भाटिया ने नर्सिंग स्टाफ पर सीधा आरोप लगाया कि उन्होंने इस अपराध में आरोपी डॉक्टर का साथ दिया है।

आयोग अध्यक्ष के इन आरोपों को खारिज करते हुए राजकुमार भारद्वाज ने अस्पताल के नियम साफ किए। उन्होंने बताया कि नर्सिंग स्टाफ की मुख्य ड्यूटी वार्ड के अंदर (इंडोर) होती है। ओपीडी में डॉक्टर के साथ एक फीमेल हेल्पर तैनात होती है। प्रोटोकॉल के मुताबिक, किसी भी महिला मरीज की जांच करते समय खुद डॉक्टर को उस फीमेल हेल्पर को बुलाना होता है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग स्टाफ डॉक्टरों का पहरेदार नहीं है। जिस आरोपी डॉक्टर पर पहले से ही आपराधिक मामले दर्ज हैं, उसे दोबारा ड्यूटी पर जॉइन करवाने वाली अथॉरिटी असल दोषी है, न कि बिना वजह पीसा जा रहा नर्सिंग स्टाफ।
'महिला होकर किया महिला का अपमान', माफी की मांग पर अड़ा कैडर
हड़ताल के दौरान मौजूद नर्सिंग स्टाफ प्रवीण ने कहा कि एक महिला होने के नाते रेणु भाटिया का दूसरी महिलाओं (नर्सों) के चरित्र और बेटियों पर ऐसी टिप्पणी करना बेहद निंदनीय है। उनके इस व्यवहार से पूरे नर्सिंग समाज की भावनाओं को भारी ठेस पहुंची है। स्टाफ ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि जब तक रेणु भाटिया पूरे नर्सिंग कैडर से सार्वजनिक माफी नहीं मांगतीं, तब तक उनका यह विरोध जारी रहेगा।
सिरसा में हुई इस दो घंटे की हड़ताल को स्वास्थ्य विभाग के अन्य संगठनों का भी भारी समर्थन मिला। प्रदर्शन के दौरान जिला महासचिव अमित, चीफ नर्सिंग ऑफिसर (मैटर्न) गायत्री देवी, कर्मचारी संघ के जिला प्रधान मदनलाल खोथ, एचकेआरएनएल के प्रधान अमित कुमार, रेडियोग्राफर एसोसिएशन के महासचिव नसीब और स्वास्थ्य विभाग तालमेल कमेटी के विजय धींगड़ा समेत दर्जनों स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
