हरियाणा पुलिस का एक्शन: फतेहाबाद में जमींदारा होटल के पास गाड़ी से पकड़ी 1 करोड़ की ड्रग्स के साथ महिला समेत 3 दबोचे
फतेहाबाद। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की फतेहाबाद यूनिट ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए फिर से एक और बहुत बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्यवाही करते हुए, ब्यूरो की टीम ने थाना सदर फतेहाबाद के अंतर्गत फतेहाबाद से भुना रोड नजदीक जमींदारा होटल के पास से दो पुरुष व एक महिला नशा तस्कर को गाड़ी सहित गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से 530 ग्राम हेरोइन को बरामद किया गया है। ब्यूरो प्रमुख एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार के सख्त निदेर्शों पर पूरे प्रदेश में नशा तस्करों पर कार्यवाही की जा रही है। यह कार्यवाही एसपी मोहित हांडा के मार्गदर्शन और डीएसपी जगजीत सिंह के निर्देशन में हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो फतेहाबाद इंचार्ज उप निरीक्षक तरसेम सिंह की टीम द्वारा अंजाम दी गई।

थाना सदर फतेहाबाद एरिया में गश्त के दौरान टीम को मुखबिर से हेरोइन तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद, पुलिस टीम ने रणनीतिक ढंग से संदिग्धों को नशीले पदार्थ सहित काबू किया। कानूनी औपचारिकता पूरी करते हुए आरोपियों की तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से 530 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। जिसकी बाजार कीमत करीब एक करोड़ रूपए बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों कि पहचान प्रदीप उर्फ प्रीत पुत्र स्वर्ण सिंह निवासी कराला जिला मोहाली पंजाब, धर्मबीर उर्फ काला पुत्र मामराज निवासी थरबा, सपना रानी पत्नी बलविंदर निवासी बादलगढ़ जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है। उप निरीक्षक इंचार्ज तरसेम सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज का सहयोग अनिवार्य है। यदि आपको कहीं भी नशा व्यापार या तस्करी की जानकारी मिले, तो तुरंत टोल फ्री नंबर 1933, आॅनलाइन शिकायत पोर्टल या हेल्पलाइन नंबर 90508-91508 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
