सिरसा में हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों का प्रदर्शन, 8 माह के बकाया LTC और मेडिकल बिल न मिलने पर 14 जून को बड़े आंदोलन की चेतावनी
सिरसा। विभिन्न लंबित मांगों और भत्तों के भुगतान में हो रही देरी को लेकर हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों ने सांझा मोर्चा के बैनर तले सिरसा डिपो में जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अपनी मांगों का ज्ञापन डिपो के ट्रैफिक मैनेजर सुधीर और संस्थान प्रबंधक रत्न लाल को सौंपा, जिसके बाद अधिकारियों ने जल्द से जल्द समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है। सांझा मोर्चा ने डिपो प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि उनकी लंबित मांगों का शीघ्र निपटान नहीं किया गया, तो 14 जून को गेट मीटिंग कर एक बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान मंच का संचालन कर्मचारी नेता हेमंत पारीक और सुरेंद्र डूडी ने किया। सांझा मोर्चा के बैनर तले एकजुट हुए कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें लंबे समय से उनके देय भत्तों का भुगतान नहीं किया जा रहा है। कर्मचारियों के अनुसार, 8 से 9 महीने का ओवरटाइम, रात्रि भत्ता (जिसमें 2024 का नाइट भत्ता भी शामिल है), अतिरिक्त ड्यूटी भत्ता, मेडिकल बिल, शिक्षा भत्ता (एजुकेशन अलाउंस) और एलटीसी (LTC) का भुगतान अटका हुआ है। समय पर वित्तीय लाभ न मिलने के कारण रोडवेज कर्मचारियों में प्रशासन के प्रति भारी रोष है।
इस विरोध प्रदर्शन में सेवारत कर्मचारियों के साथ-साथ रिटायर्ड कर्मचारी संगठन ने भी अपना पूरा समर्थन दिया। रिटायर्ड कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधि आत्मा राम सहारण और मदन लाल खोथ सहित अन्य सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर कहा कि उनका संगठन रोडवेज कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों के हकों पर होने वाला कोई भी कुठाराघात कतई सहन नहीं किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान विभिन्न कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधि भारी संख्या में मौजूद रहे। इनमें रोडवेज कर्मचारी यूनियन 1004 (एटक) के प्रधान रिछपाल सिंह संधू, उप प्रधान आत्मा राम बैनीवाल, राज्य कमेटी सदस्य लादू राम लूना, शिव राज बराड़, सुरेंद्र रानियां, सचिव सुरेंद्र बैरागी, विकास यादव जमावड़ी, पवन कंबोज, बाबू राम और महेंद्र शामिल थे।
वहीं, संयुक्त कर्मचारी संघ से महासचिव चमन स्वामी, वरिष्ठ उप प्रधान कुलदीप पावड़ा, प्रधान सतवीर कड़वासरा, सचिव परवीन, सतपाल व जयप्रकाश, स्वतंत्र यूनियन से भरत भूषण, सचिव जितेंद्र किरार, भारतीय मजदूर संघ से वरिष्ठ उप प्रधान विकास, प्रधान सुरेंद्र निरानिया तथा एसकेएस से सचिव सतपाल और रोहताश सहित सैकड़ों कर्मचारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
