https://www.choptaplus.in/

हरियाणा रोडवेज का प्रदर्शन: सिरसा में रोडवेज कर्मचारियों ने गेट पर किया प्रदर्शन, सरकार को दी बड़ी चेतावनी

 
Roadways workers union members shouting slogans at workshop gate in Sirsa for Haryana Roadways Workers Union Protest Sirsa

Sirsa News: सिरसा। हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन, रजि. नंबर-1 सम्बन्धित: सर्व कर्मचारी संघ, हरियाणा एवं एआईआरटीडब्ल्यूएफ ने राज्य कमेटी के आह्वान पर रोडवेज वर्कशॉप गेट पर सुबह 10 से 12 बजे तक प्रदर्शन कर महाप्रबंधक रोडवेज को ज्ञापन सौंपा। 

प्रदेश प्रवक्ता व सिरसा डिपो प्रधान पृथ्वी सिंह चाहर, डिपो सचिव सतपाल सिंह रानियां, संयुक्त कर्मचारी संघ डिपो प्रधान सतवीर कड़वासरा, राज्य उप प्रधान कुलदीप सिंह पावड़ा ने संयुक्त रूप से संबोधित करते हुए कहा कि अग्निशमन विभाग की हड़ताल को आज 26 दिन हो चुके हैं, पर सरकार संज्ञान नहीं ले रही। फरीदाबाद केमिकल फैक्ट्री अग्निकांड में 2 फायर कर्मी शहीद हुए थे। 

पुलिस कर्मी को शहीद का दर्जा, नौकरी व सहायता राशि दी गई, लेकिन फायर कर्मियों को कुछ नहीं मिला। यह सरासर अन्याय है। इसी को लेकर अग्निशमन कर्मचारी भूख हड़ताल पर हैं। हमारे चालक साथियों के आॅर्डर भी अग्निशमन विभाग में कर रखे हैं, जो गलत है। 

मांग है कि उन्हें तुरंत रोडवेज विभाग में वापस भेजा जाए। कर्मचारियों ने बताया कि हरियाणा रोडवेज के चालकों की ड्यूटी अग्निशमन विभाग में लगाई जा रही है। रोडवेज चालकों को अग्निशमन वाहन चलाने का प्रशिक्षण/अनुभव नहीं है। हाल ही में सोनीपत डिपो के एक चालक की ड्यूटी अग्निशमन विभाग में लगाई गई थी। ड्यूटी के दौरान वह अग्निशमन वाहन से गिर गया, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई और हड्डी फ्रैक्चर हो गई। 

अत: हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन की मांग है कि घायल चालक के इलाज का संपूर्ण खर्च एवं उचित मुआवजा अग्निशमन विभाग द्वारा वहन किया जाए। रोडवेज चालकों की ड्यूटी अग्निशमन विभाग अथवा ऐसे अन्य विभागों में न लगाई जाए, जिनके लिए वे प्रशिक्षित नहीं हैं, क्योंकि इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। रोडवेज में पहले से ही चालकों की कमी है। अन्य विभागों में ड्यूटी लगाने से रोडवेज की बसें खड़ी रहती हैं, जिससे यात्रियों को असुविधा होती है और विभाग की बदनामी होती है।

Rajasthan