हरियाणा में यूथ पार्लियामेंट, ऐलनाबाद के प्रवक्ता सुरेश कुमार शर्मा ने निभाई जज की भूमिका
सिरसा/चंडीगढ़। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), गुरुग्राम के तत्वावधान में हरियाणा के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित राज्य स्तरीय 'युवा संसद' (यूथ पार्लियामेंट) प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ऐलनाबाद के राजनीति विज्ञान प्रवक्ता, सुरेश कुमार शर्मा ने प्रदेश के विभिन्न जिलों के विद्यालयों में बतौर निर्णायक (जज) की अहम भूमिका निभाई। उनके साथ कालावाली विद्यालय के प्रवक्ता हेमराज ने जज के रूप में और भिवानी डाइट के प्रवक्ता डॉ. हरीश ने ऑब्जर्वर के तौर पर शिरकत की।
प्रवक्ता सुरेश कुमार शर्मा ने निभाई निर्णायक की भूमिका
प्रवक्ता सुरेश कुमार शर्मा ने प्रदेश के प्रमुख आयोजन स्थलों पर निर्णायक का दायित्व संभाला। इन स्थलों में कैथल जिले का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, चौसाला; पंचकूला का ठंडोग; फतेहाबाद का 'पीएम श्री' राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, वेजलपुर; झज्जर का राजकीय विद्यालय, खुडन; महेंद्रगढ़ का सिहोर; तथा पलवल जिले के गांव बहिन स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। इन सभी स्थानों पर आयोजित प्रतियोगिताओं में उन्होंने निष्पक्ष एवं सूक्ष्मता से निर्णायक की जिम्मेदारी निभाई।
युवा संसद का उद्देश्य और विद्यार्थियों की सजीव प्रस्तुति
युवा संसद प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसदीय प्रक्रियाओं, विधायी नियमों तथा नेतृत्व कौशल के प्रति जागरूकता विकसित करना है। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री, विपक्ष के नेता, कैबिनेट मंत्रियों और सांसदों के रूप में अत्यंत सजीव प्रस्तुतियां दीं। शून्यकाल, प्रश्नकाल, बिल पेश करने तथा समसामयिक राष्ट्रीय मुद्दों पर वाद-विवाद की प्रक्रिया को विद्यार्थियों ने जिस परिपक्वता से प्रस्तुत किया, उसकी निर्णायक मंडल द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।
सुरेश कुमार शर्मा ने क्या कहा?
बतौर जज भाग लेते हुए प्रवक्ता सुरेश कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों के संसदीय ज्ञान, वाक्-पटुता और आत्मविश्वास का अवलोकन कर उन्हें अंक प्रदान किए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि युवा संसद जैसे आयोजन विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक नागरिकता का भाव जगाते हैं तथा भविष्य के कुशल नेतृत्व की नींव रखते हैं। विद्यालय परिवार एवं क्षेत्र के शिक्षाविदों ने शर्मा द्वारा इस राज्य स्तरीय दायित्व को सफलतापूर्वक निभाने पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं।

