https://www.choptaplus.in/

सिरसा में मिशन बुनियाद की काउंसलिंग पूरी, 297 बच्चों ने मारी बाजी

 
Students attending Mission Buniyaad Level 3 counseling at GMSSSS Sirsa for Mission Buniyaad Sirsa Level 3 Results

Sirsa News: मिशन बुनियाद के अंतर्गत राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिरसा में बुनियाद लेवल-3 की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों की काउंसलिंग सफलतापूर्वक आयोजित की गई। सिरसा जिले से कुल 416 विद्यार्थियों ने 30 मार्च को आयोजित लेवल 3 की परीक्षा में भाग लिया था, जिनमें से 297 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की। सफल विद्यार्थियों में 171 छात्राएं तथा 126 छात्र शामिल हैं, जबकि 119 विद्यार्थी वेटिंग सूची में रखे गए हैं। 

काउंसलिंग प्रक्रिया के उपरांत चयनित विद्यार्थियों को उनके निर्धारित बुनियाद केंद्र आवंटित कर दिए गए हैं, जहां वे आगे की पढ़ाई करेंगे तथा उनका प्रवेश भी संबंधित विद्यालयों में सुनिश्चित किया जाएगा। वर्तमान में सिरसा जिले में पांच बुनियाद केंद्र संचालित हो रहे हैं, जिनमें राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिरसा, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नाथूसरी चौपटा, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ऐलनाबाद, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ओढ़ां, फ्रीडम फाइटर वैद्यराम दयाल राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मंडी डबवाली शामिल हैं।

इन केंद्रों पर विद्यार्थियों को आॅनलाइन माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है। इसके अतिरिक्त, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रानियां एवं राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बप्पां में दो नए बुनियाद केंद्र प्रस्तावित हैं। विभाग से अनुमति प्राप्त होने के उपरांत इन केंद्रों के शुरू होने से जिले में कुल सात बुनियाद केंद्र संचालित हो जाएंगे। 

इन केंद्रों के माध्यम से विद्यार्थी कक्षा 9वीं एवं 10वीं की पढ़ाई करते हुए अपनी शैक्षणिक नींव को मजबूत करेंगे, जिससे वे भविष्य में उत्कृष्ट संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर सकें। काउंसलिंग के लिए विकल्प संस्थान से कपिल देव कम्युनिटी मैनेजर एवं उनकी टीम विशेष रूप से पहुंची। इस अवसर पर जिला विज्ञान विशेषज्ञ एवं बुनियाद कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार भी उपस्थित रहे।

सिरसा: कैरावाली गांव में राज मिस्त्री ने की जीवन लीला समाप्त, मानसिक तनाव बना कारण 

डॉ. मुकेश कुमार ने कहा, मिशन बुनियाद का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की बुनियादी शैक्षणिक क्षमताओं को सुदृढ़ करना है। इस पहल के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे वे प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें और अपने भविष्य को नई दिशा दे सकें।

Rajasthan