https://www.choptaplus.in/

दयानंद स्कूल की अंडर-14 वॉलीबॉल टीम बनी राष्ट्रीय चैंपियन, फाइनल में आंध्र प्रदेश को 3-0 से हराया

 
Nathusari Chaupata Dayanand School CBSE National Volleyball Under-14 Champion

चोपटा प्लस, 4 नवंबर। सिरसा जिले के नाथूसरी चौपटा स्थित दयानंद स्कूल के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के सनवारा स्थित कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल (KIPS) में 30 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक आयोजित सीबीएसई नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में विद्यालय की अंडर-14 बॉयज टीम ने राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

प्रतियोगिता में भारत, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और ओमान से क्वालीफाई करके पहुंची कुल 24 टीमों ने भाग लिया। दयानंद स्कूल की टीम ने शुरुआत से ही शानदार खेल का प्रदर्शन किया और पूल मुकाबलों से लेकर फाइनल तक सभी मैचों में विजेता रहते हुए राष्ट्रीय स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

फाइनल में आंध्र प्रदेश को 3-0 से हराया

दयानंद स्कूल की अंडर-14 टीम ने पूल मुकाबलों में लगातार जीत दर्ज कर नॉकआउट चरण में जगह बनाई। क्वार्टर फाइनल में टीम ने संयुक्त अरब अमीरात की वाइज इंडियन एकेडमी को हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश की कदम पब्लिक स्कूल को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।

खिताबी मुकाबले में दयानंद स्कूल का सामना आंध्र प्रदेश की हील पब्लिक स्कूल से हुआ। पांच सेटों के प्रारूप में खेले गए इस मुकाबले में दयानंद स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। टीम ने लगातार तीन सेट जीतकर मुकाबला 3-0 से अपने नाम कर लिया। पहले सेट में 25-15, दूसरे सेट में 25-21 और तीसरे सेट में 25-18 के स्कोर से जीत दर्ज कर राष्ट्रीय खिताब हासिल किया।

इन 10 खिलाड़ियों ने दिलाया स्वर्ण पदक

राष्ट्रीय चैंपियन बनी दयानंद स्कूल की अंडर-14 टीम में दस खिलाड़ी शामिल रहे। इनमें दुष्यंत (सातवीं), पराग (आठवीं), रक्षम ढिल्लों (सातवीं), नवीन जांगड़ा (सातवीं), दीपांशु (छठी), हर्षित (सातवीं), हिमांशु (सातवीं), रौनक (नौवीं), निखिल (नौवीं) और अभिजीत (नौवीं) शामिल हैं। विशेष बात यह रही कि विजेता टीम में छठी से नौवीं कक्षा तक के विद्यार्थी शामिल थे।

अंडर-19 टीम ने भी सेमीफाइनल तक बनाई जगह

विद्यालय की अंडर-19 वॉलीबॉल टीम ने भी सीबीएसई नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया था। इस टीम ने पूल मुकाबलों में UAE, उत्तर प्रदेश और राजस्थान की टीमों को हराकर शानदार प्रदर्शन किया और सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। हालांकि सेमीफाइनल में दिल्ली की टीम से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अंतिम चार टीमों तक पहुंचना भी विद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।

चेयरमैन, डायरेक्टर और प्रिंसिपल ने दी बधाई

इस ऐतिहासिक सफलता पर दयानंद स्कूल के चेयरमैन भरत सिंह कासनिया, डायरेक्टर विजेंद्र गोदारा और प्रिंसिपल शिखा गोदारा ने विजेता खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और प्रशिक्षकों को बधाई दी। टीम की इस सफलता में प्रशिक्षक विकास, नरेश और प्रकाश सुथार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यालय प्रबंधन ने टीम के मेंटर मुकेश कासनिया के मार्गदर्शन की भी सराहना की।

Rajasthan